शिवपुरी में 7 साल की मासूम ने खुद कराया अपना और भाई का उपचार, साहस की हुई सराहना

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। जिला प्रशासन, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन और रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में गुरुवार को एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। जहाँ आमतौर पर बच्चे अस्पताल के नाम से डरते हैं, वहीं ठकुरपुरा निवासी 7 वर्षीय मासूम सपना शाक्य अपने भाई प्रशांत का हाथ पकड़कर खुद इलाज कराने मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित शिविर स्थल पहुँच गई।

सपना ने बताया कि उसे इस शिविर की जानकारी स्कूल में शिक्षक से मिली थी। उसे सीने में दर्द की शिकायत थी और भाई के सिर में फोड़ा था। माता-पिता की अनुपस्थिति में भी इस नन्ही बिटिया ने हिम्मत नहीं हारी और अपने मित्रों (नैना, परी, आदिश और अनुष्का) के साथ पंजीयन काउंटर पर पहुँचकर पर्चा बनवाया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दोनों बच्चों का गहन परीक्षण कर उन्हें उचित दवाइयां प्रदान कीं।

प्रशासन ने बढ़ाया उत्साह, सुरक्षित घर पहुंचाया
बालिका की इस समझदारी को देख जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव और जिला अध्यक्ष जसमंत जाटव ने बच्ची की खूब सराहना की। जसमंत जाटव ने सपना के साहस के लिए उसे 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की। वहीं, सुरक्षा और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने बच्चों को सुरक्षित टैक्सी के माध्यम से उनके घर तक भिजवाने की व्यवस्था की। यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और शिविर की सार्थकता को सिद्ध कर रही है।