SHIVPURI जिले में जन्म लेने वाले नवजातो की स्वास्थ्य सुरक्षा पर खतरा,हेपेटाइटिस-बी टीका हुआ गायब

जिले में रोज 100 बच्चों को चाहिए हेपेटाइटिस-बी की वैक्सीन, स्टॉक जीरो
शिवपुरी।
जिले के स्वास्थ्य विभाग के स्टॉक में नवजात के सुरक्षा चक्र का टीका गायब है।  पिछले एक महीने से हेपेटाइटिस-बी (Hepatitis-B) वैक्सीन की सप्लाई पूरी तरह ठप होने के कारण नवजात शिशुओं का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। सबसे डराने वाली बात यह है कि इस टीके को बर्थ डोज कहा जाता है, जिसे जन्म के महज 24 घंटे के भीतर लगाना अनिवार्य होता है। इसके बिना शिशुओं में जानलेवा लिवर संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ गया है।

शिवपुरी जिले मे प्रतिदिन 100 बच्चे लेते है जन्म
आंकड़ों पर गौर करें तो स्थिति भयावह है। जिला अस्पताल में रोजाना करीब 25, मेडिकल कॉलेज में 25 और जिले के अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs) में लगभग 50 बच्चे जन्म लेते हैं। यानी प्रतिदिन जिले के करीब 100 नवजातों को इस टीके की दरकार होती है। पिछले 30 दिनों से सप्लाई न होने के कारण हजारों बच्चे बिना टीकाकरण के ही घर भेज दिए गए हैं।

लिवर सिरोसिस और कैंसर का डर
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, हेपेटाइटिस-बी एक खतरनाक वायरल संक्रमण है जो सीधे लिवर पर हमला करता है। यदि माँ संक्रमित हो, तो जन्म के समय वायरस बच्चे में जाने का खतरा रहता है। समय पर टीका लगने से इस जोखिम को 90% तक कम किया जा सकता है। टीका न लगने की स्थिति में भविष्य में बच्चे को लिवर सिरोसिस या लिवर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां हो सकती हैं।

प्रशासनिक लाचारी और जनता की मजबूरी
जिला स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि उन्होंने भोपाल मुख्यालय को कई बार डिमांड भेजी है, लेकिन वहां से वैक्सीन की एक भी डोज शिवपुरी नहीं पहुंची है। अस्पताल में आने वाले गरीब परिजनों को डॉक्टर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे हैं। संपन्न लोग तो निजी अस्पतालों से मोटी रकम चुकाकर टीका लगवा रहे हैं, लेकिन गरीब तबका भगवान भरोसे है।

शेड्यूल का गणित
टीकाकरण प्रोटोकॉल के तहत पहली डोज जन्म के 24 घंटे में, और फिर 6, 10 व 14 सप्ताह में पेंटावैलेंट वैक्सीन के रूप में दी जाती है। यदि पहली ही डोज (बर्थ डोज) मिस हो जाए, तो सुरक्षा चक्र कमजोर पड़ जाता है।

जिम्मेदारों का पक्ष
पिछले महीने सीमित सप्लाई मिली थी, लेकिन इस माह भोपाल स्तर से ही स्टॉक उपलब्ध नहीं कराया गया है। हमने लिखित में डिमांड भेज दी है। जैसे ही वैक्सीन प्राप्त होगी, प्राथमिकता के आधार पर नवजातों का टीकाकरण शुरू किया जाएगा।
 डॉ. संजय ऋषिश्वर, सीएमएचओ, शिवपुरी