झांसी में मिला करैरा से गायब हुआ व्यापारी जीवनलाल, कर्ज और तनाव के कारण फरार हुआ था

Adhiraj Awasthi

करैरा।  शिवपुरी के करैरा से अचानक लापता हुए मूंगफली व्यापारी जीवन लाल पाल के गायब होने का रहस्य सुलझ गया है। जिसे परिजन अपहरण समझकर अनहोनी की आशंका जता रहे थे, वह मामला पुलिस की जांच में लाखों के व्यापारिक तनाव और कर्ज के बोझ का निकला। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए व्यापारी को झांसी रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है।

श्योपुरा गांव के निवासी जीवन लाल पाल शनिवार को अचानक गायब हो गए था, वह मायाराम साहू के साथ मिलकर मूंगफली का बड़ा कारोबार करते थे। जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई और अंदेशा जताया गया कि कहीं व्यापारी का अपहरण तो नहीं हो गया? पुलिस ने तत्काल टीमें गठित कीं और मोबाइल लोकेशन के आधार पर घेराबंदी शुरू की।

साझेदारी में दरार और 28 लाख का विवाद
सोमवार को जब करैरा पुलिस ने जीवन लाल को झांसी स्टेशन पर पाया और थाने लाकर पूछताछ की, तो परतें खुलने लगीं। जीवन लाल ने बताया कि वह किसी अपराधी के चंगुल में नहीं, बल्कि आर्थिक तंगी और मानसिक दबाव के चंगुल में थे,जीवन लाल ने पुलिस को बताया कि उसका पार्टनर मायाराम साहू के साथ कथित तौर पर 28 लाख रुपये का विवाद चल रहा था। किसानों का भारी भुगतान बकाया था और व्यापारी पर करीब 10 लाख रुपये का निजी कर्ज भी था।
इसी तनाव के चलते वे घर छोड़कर दतिया, ओरछा और चित्रकूट की गलियों में भटकते रहे, ताकि कुछ पल शांति मिल सके।

पुलिस की सूझबूझ से सुलझा विवाद
थाना प्रभारी विनोद छावई ने न केवल व्यापारी को बरामद किया, बल्कि मामले की जड़ तक पहुंचकर समाधान की कोशिश भी की। पुलिस ने दोनों पक्षों (व्यापारी और उसके पार्टनर) को आमने-सामने बिठाकर बातचीत कराई। पता चला है कि कुछ पैसा अन्य बाहरी व्यापारियों पर भी बकाया है। पुलिस को उम्मीद है कि इस आपसी लेन-देन के सुलझते ही विवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा।