Shivpuri News, रंजीत की लापता लाश हुई रिकवर, विशाल तालाब को करना पड़ा खाली

Adhiraj Awasthi

पोहरी। चार दिन का अंतहीन इंतजार, परिजनों का भारी आक्रोश और प्रशासन की कोशिश, पोहरी बस स्टैंड के पास स्थित तालाब ने रविवार सुबह आखिरकार युवक का शव उगल दिया। बुधवार को अपने मासूम बच्चे के सामने तालाब पार करने की चुनौती लेने वाले 29 वर्षीय रंजीत धानुक की तलाश जलस्तर कम होते ही पूरी हुई। एसडीईआरएफ (SDERF) की नाकामयाब कोशिशों के बाद जब पंपों के जरिए तालाब का पानी खाली कराया गया, तब जाकर युवक का शव पानी की सतह पर तैरता मिला।

जैसा कि विदित है कि पोहरी किले के अंदर निवास करने वाला 29 साल का रंजीत धानुक 18 फरवरी बुधवार की सुबह लगभग 10 बजे अपने बच्चे कान्हा के साथ पोहरी-श्योपुर रोड पर स्थित नवनिर्मित तालाब में नहाने गया था। रंजीत ने तालाब में छलांग लगाई और तैरते हुए बीच तालाब में पहुंच गया था,लेकिन अचानक बीच तालाब में पहुंचने के बाद रंजीत धानुक तालाब के गहरे पानी मे समा गया। सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे। ग्रामीण पहुंचे। पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने एसडीईआरएफ टीम की मदद से खोज अभियान शुरू किया।

तीन दिन तक तालाब में गायब हुए रंजीत को रिकवर करने की कोशिश चलती रही,लेकिन युवक का पता नहीं चला। शव नहीं मिलने पर परिजन नाराज हुए। ग्रामीण नाराज हुए। शुक्रवार को पोहरी बस स्टैंड पर चक्का जाम किया। प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। नगर परिषद को तालाब का जलस्तर घटाने के निर्देश दिए। नगर परिषद ने पानी निकालने के लिए पंप लगाए। रविवार सुबह पानी कम हुआ। शव ऊपर आ गया और रंजीत की लाश रिकवर हो गई।