SHIVPURI NEWS - विधायक बोले: जिला अध्यक्ष ने अपने रिश्तेदार और कांग्रेसियो को पदाधिकारी बना दिया

Bhopal Samachar

दिनारा। भारतीय जनता पार्टी के दिनारा मंडल की कार्यकारिणी घोषित होते ही बवाल मचना शुरू हो गया। स्थानीय कार्यकर्ताओ ने सोशल पर पोस्ट करते हुए अपना विरोध शुरू कर दिया है। करैरा विधायक ने आरोप लगाया है कि जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव ने अपने रिश्तेदार और कांग्रेसियो को पदाधिकारी बना दिया है।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि कार्यकारिणी में ऐसे लोगों को स्थान दिया गया है जो कभी पार्टी के प्राथमिक सदस्य तक नहीं रहे हैं। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में जो कांग्रेस के प्रत्याशी का झंडा उठाकर प्रचार प्रसार में लगे तथा कार्यालय प्रभारी बनाए गए संतोष जाटव को महामंत्री के पद से नवाज दिया गया है।

भाजपाइयों का कहना है कि दिनारा मंडल में 72 पोलिंग हैं। इनमें 20 पोलिंग ऐसी हैं जहां पर यादव बाहुल्य वोटर हैं, वहीं करीब 22 पोलिंग ऐसी हैं, जहां पर लोधी बाहुल्य वोटर हैं। ऐसे में मंडल अध्यक्ष किसी अन्य समाज का होता है तो महामंत्री पद पर यादव व लोधी समाज को हमेशा से स्थान दिया जाता रहा है, परंतु महामंत्री पद पर लोधी समाज की अनदेखी कर दी है। इसके अलावा कई महिला पदाधिकारी ऐसी हैं, जिन्हें कभी भाजपा में देखा ही नहीं गया है।

कार्यकारिणी में वह नाम जो भाजपा के सदस्य नहीं हैं
इसी के चलते विरोध के स्वर बुलंद हुए हैं। एक भाजपा नेता ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि कार्यकारिणी में ऐसे कार्यकर्ता को स्थान देने का प्रावधान है जो कम से कम दो साल तक भाजपा का सक्रिय सदस्य रहा हो, परंतु इस बार की कार्यकारिणी में ज्यादातर लोग ऐसे हैं जो भाजपा के सक्रिय सदस्य ही नहीं रहे हैं। इसे लेकर दिनारा मंडल के ग्रुप सहित इंटरनेट मीडिया पर कार्यकर्ताओं का दुख खुलकर सामने आ गया।

संतोष जाटव का कांग्रेस के झंडे के साथ फोटो वायरल
उन्होंने उक्त कार्यकारिणी का विरोध दर्ज करा दिया है। कई लोगों ने तो संतोष जाटव के कांग्रेस का झंडा लेकर विधानसभा में प्रचार प्रसार करते का फोटो भी ग्रुप में डाले हैं। इस पूरे मामले में पर प्रतिक्रिया के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, दिनारा मंडल अध्यक्ष रिंकू यादव को फोन किया गया तो किसी ने भी फोन अटेंड नहीं किया।

मेरी विधानसभा में चारों मंडलों के अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों की घोषणा से पहले मुझसे किसी भी प्रकार की कोई चर्चा नहीं की गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपने रिश्तेदारों और कांग्रेसियों को पदाधिकारी बना दिया है। दिनारा मंडल में कार्यकारिणी के विरोध की बात मेरे संज्ञान में भी आई है। मैं इस बात को पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के समक्ष रखूंगा।
रमेश खटीक, करैरा, विधायक।

शिवम लोधी ने लिखा है
कि जिलाध्यक्ष जी ने दिनारा मंडल पर ऐसा महामंत्री बनाया है जो कि न ही सक्रिय सदस्य है और न ही कभी भाजपा की रसीद कटवाई है। न ही कभी मीटिंग में आते हैं और लोकसभा, विधानसभा का चुनाव हुआ था तो इन्होंने कांग्रेस का काम किया था।

एडवोकेट राघवेंद्र ने लिखा है
कि भाजपा में सिर्फ दोगले लोगों की ही राजनीति बची हुई है। जो दोगला होते हैं, वही सक्सेस होते हैं, भाई यह भाजपा है। इस सूची में उन लोगों के नाम दिए गए है, जिनका इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार का कोई अस्तित्व नहीं है।

महीप सिंह ने लिखा है
कि हमारे द्वारा दिनारा के किसी भी युवा को सूची में कोई मौका नहीं दिया गया है। अगर इस क्षेत्र की राजनीति शुरू होती है तो द्वारा क्षेत्र से शुरू होती है. हम इस सूची का पूर्ण तरीके से विरोध करते हैं।