शिवपुरी। शिवपुरी शहर के समस्याओ को लेकर शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन पिछले कई दिनो से नगर पालिका शिवपुरी के अमले को लेकर शहर के वार्डों का भ्रमण कर रहे है और शहर की समस्याओं से रूबरू हो रहे है। विधायक ने यह भ्रमण नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के साथ किया है। शहर की समस्याओं को निपटान के लिए 10 करोड़ बजट की आवश्यकता है इस कारण विधायक ने मध्यप्रदेश शासन से 10 करोड़ बजट के डिमांड करते हुए प्रस्ताव भोपाल से पास कराने के लिए भेजा है।
नगर पालिका की आर्थिक स्थिति खराब,विधायक आगे आए
शहर के कई वार्डों में खुदी सड़कों से लेकर टूटी-फूटी नालियां, जर्जर सामुदायिक भवन, नगर के प्रवेश द्वार, कई ऐसे चौराहे जहां रात में अंधेरा रहता है। इन सभी की हकीकत जानने के लिए विधायक देवेन्द्र जैन ने नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के साथ शहर के लगभग हर वार्ड का भ्रमण किया। नगर में 39 वार्ड है, इन सभी में हर वार्ड में कुछ न कुछ काम अधूरा पड़ा है। चूंकि नगर पालिका की आर्थिक स्थिति सही नहीं है, इसलिए शहर के विकास के लिए विधायक खुद आगे आए है।
सीएम से अलग से बजट लाएंगे,प्रस्ताव भोपाल लेकर जाएंगे
उनका कहना है कि वह मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिवपुरी शहर के लिए अलग से बजट लेकर आएंगे और जो भी काम आधे-अधूरे पड़े हैं, उनको जल्द पूरा करवाएंगे। इसके लिए नगर पालिका के अमले ने जो-जो काम होने हैं, उनको सूचीबद्ध कर एक प्रस्ताव बनाया है। इस प्रस्ताव को विधायक जैन जल्द भोपाल लेकर जाएंगे।
शहर विकास की हकीकत जानने के लिए विधायक देवेन्द्र जैन व नगर पालिका अध्यक्ष ने हर वार्ड का भ्रमण कर वहां होने वाले कार्यों की सूची तयारी की है। इन कार्यों को पूरा कराने के लिए 10 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को विधायक खुद सीएम के समक्ष रखकर राशि की मांग करेंगे।
प्रवेश द्वार में धौलपुर स्टोन का होगा प्रयोग
विधायक ने नगर पालिका के साथ मिलकर जो प्रस्ताव बनाया है। उसमें गुना व ग्वालियर तरफ से शहर में प्र प्रवेश करने के लिए 50-50 लाख रुपए की लागत से प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। साथ ही शहर के जर्जर कस्टम गेट की मरम्मत का काम भी 50 लाख रुपए की राशि से होगा। इन तीनों में राजस्थान धौलपुर स्टोन का प्रयोग होगा और आकर्षक तैयार किए जाएंगे।
15 से लेकर 30 लाख हर वार्ड में होंगे खर्च
शहर के सभी 39 वार्डो में विकास कार्य कराए जाएंगे। इसमें किसी वार्ड में 15 लाख तो किसी में 30 लाख रुपए तक खर्च होंगे। विधायक ने नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा व अधिकारियों से 10 करोड़ रुपए में जो बेहतर कार्य हो सकते हैं, उनका एक बेहतर प्रस्ताव बनाया है। सब कुछ ठीक रहा तो यह प्रस्ताव पास होने पर आगामी एक साल के अंदर शहर में काफी कुछ बदलाव नजर आने लगेगा।
आधा सैकड़ा से अधिक सड़कों का होगा निर्माण
विधायक व नपाध्यक्ष ने जब शहर के वार्डों का भ्रमण किया तो लोगों ने सड़क को लेकर अपनी-अपनी समस्याएं बताई। इस पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने शहर के 39 वार्डों में करीब आधा सैकड़ा से अधिक सीसी व डामर सड़कें बनाने का प्रस्ताव बनाया है। इसके अलावा कुछ वार्डों में नाली निर्माण, नए सामुदायिक भवन तो कुछ पुराने सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार शामिल है। साथ ही गांधी कॉलोनी हरिजन बस्ती सहित 4 अन्य स्थानों पर 5-5 लाख रुपए लागत की हाईमास्ट लगाई जाएगी, जिससे कॉलोनियों में अंधेरा न रहे।
नगर पालिका से प्रस्ताव बनवाया है
शहर के वार्डों का भ्रमण किया है। वहां पर सड़कों से लेकर नाली आदि समस्याएं देखने को मिली है। मैंने इसके लिए नगर पालिका से प्रस्ताव बनवाया है। कस्टम गेट की मरम्मत के अलावा शहर में दो प्रवेश द्वार भी बनेंगे। शहर के विकास कार्यों को लेकर 10 करोड़ रुपए की राशि जल्द मंजूर करवाकर कार्य कराएंगे। देवेन्द्र जैन, विधायक, शिवपुरी।