विधानसभा में देवेंद्र जैन को विश्वास सारंग ने चुप करा दिया - BHOPAL NEWS

Bhopal Samachar
मध्य प्रदेश विधानसभा में आज पहले दिन प्रश्नकाल के दौरान शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन की बड़ी किरकिरी हो गई। सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ सुबह से प्रदर्शन चल रहे थे। कांग्रेस पार्टी उन्हें बर्खास्त करने की मांग कर रही थी इसी दौरान प्रश्न काल में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने सहकारी बैंक घोटाले में बकाया राशि की वसूली का मुद्दा उठा दिया। सदन में ऐसा प्रतीत हुआ मानो देवेन्द्र जैन, कांग्रेस पार्टी विधायक दल के सदस्य हैं।  मंत्री विश्वास सारंग ने उन्हें मामले की अपडेट से अवगत कराया और चुप करा दिया। 

मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि 84.43 करोड़ का घोटाला हुआ था। अब तक 13468 खाताधारकों को 32.69 करोड़ का भुगतान किया गया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शिवपुरी में 99837 खाताधारकों की 291.66 करोड़ की रकम जमा है। इस मामले में उच्च न्यायालय की खंडपीठ ग्वालियर में दायर याचिकाओं के चलते आरोपियों की संपत्तियों की नीलामी की कार्रवाई स्थगित है। इसके बाद देवेंद्र जैन कोई प्रति प्रश्न नहीं कर पाए। दरअसल उन्होंने सदन में गलत समय पर और गलत सवाल कर लिया था। जो जानकारी उन्होंने मांगी, वह पहले से ही पब्लिक डोमेन में है। सबको पता है। इस जवाब के लिए विधानसभा में प्रश्न लगाने की जरूरत ही नहीं थी। जब मंत्रियों से सौजन्य भेंट कर रहे थे, तभी चुपके से पूछ लेते।

यहां उल्लेख करना अनिवार्य है कि विश्वास सारंग ने कोलारस विधानसभा उपचुनाव में काफी काम किया था। चुनाव प्रचार करने के लिए गांव-गांव घूमते थे। आज जब कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे, ठीक उसी समय देवेंद्र जैन ने भी उनको अपने सवाल के निशाने पर लिया।

पिछोर विधायक बोले- कांग्रेस से कहो, घर बैठो आराम करो

भाजपा विधायक प्रीतम लोधी से पूछा, कांग्रेस सदन की कार्यवाही लाइव करने की बात कह रही है, आप क्या कहेंगे। इस पर लोधी ने कहा, कांग्रेस फालतू काम कर रही है। चंबल में कांग्रेस डूब चुकी है। इनके पास कोई काम नहीं है। इनसे कहो, घर बैठो आराम करो।