SHIVPURI NEWS - इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे में गडबडी, किसान की फरियाद पर 5 व्यापारियों पर मामला दर्ज

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के नरवर कस्बे में किसानों की फसलों को कम लौला जा रहा है,इसकी उदाहरण आज नरवर थाने में व्यापारी के खिलाफ हुई एफआईआर से मिला है। व्यापारी का इलेक्ट्रॉनिक धर्म कांटा 1 क्विंटल 10 किलो का वजन 1 क्विंटल वजन पर सेट था। किसान धर्मकांटे से अपनी फसल का वजन कराकर लाया था और व्यापारी के कांटे पर उसका लगभग 410 प्रतिशत माल कम हो गया,किसान ने व्यापारी की काली करतूत नरवर थाने के सामने रख दी। पुलिस ने व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

शिवपुरी जिले के मुख्यालय सहित अंचल में मंडी के बहार ही फसल खरीद रहे है। मंडी के बाहर फसल खरीदने पर किसानों के साथ धोखाधड़ी होती है वही टैक्स की चोरी भी की जाती है,पूरा खेल व्यापारी ओर मंडी के अधिकारियों की मिलीभगत से चल रहा है,और इस काले का काम का जिंदा उदाहरण नरवर से मिल रहा है।


जानकारी के मुताबिक सिहोर थाना क्षेत्र के छितरी गांव का रहने बाला किसान बसंत वघेल अपनी गेंहू की करीब 80 क्विंटल फसल को ट्रॉली में भरकर बेचने 16 मई को नरवर की अनाज मंडी के लिए निकला था। लेकिन उसे मंडी के बाहर कुछ गल्ला व्यापारियों ने रोक लिया। जहां व्यापारियों ने किसान को मंडी भाव से 40 रुपये बढ़कर भाव देने की बात कही, साथ ही ज्यादा भाव देने के कारण टैक्स चोरी करना बताया।

इसके बाद किसान व्यापारियों के कहने पर अपनी गेंहू की फसल को लेकर अंगोलीचक के फड़ पर पंहुचा। जहां इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तौल के दौरान उसकी फसल 61 क्विंटल बताई गई। जब किसान बसंत ने फसल का वजन ज्यादा होने की बात कही तो चारों व्यापारियों ने सही तोल का हवाला देते हुए किसान को भगा दिया। लेकिन किसान बसंत को शंका हो रही थी। अपनी शंका को दूर करने किसान बसंत ने अगले दिन 17 मई को खाली छोटे लोडिंग वाहन का नरौआ मील के धर्म कांटे पर पहुंचकर वजन कराया था।

इसके बाद वह घर से गेंहू और सरसों की फसल लोडिंग वाहन में भरकर लाया और उसी नरौआ मील के धर्म कांटे पर वजन कराया। जहां उसकी फसल का कुल वजन 11 क्विटंल 90 किलो निकला। इसके बाद अपनी शंका को दूर करने के लिए किसान बसंत उन्हीं चार गल्ला व्यापरियों के अंगोलीचक के फड़ पर पहुंचा। जहां किसान ने अपनी गेंहू और सरसों की फसल को बेचने के लिए व्यापारियों के इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तुलवाया था, लेकिन उसकी फसल का वजन घटकर 10 क्विंटल 9 किलो रह गया। धर्मकांटे पर तुलाई गई फसल में 1 क्विटंल 81 किलो का अंतर था। अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत किसान ने नरवर थाने में पहुंचकर दर्ज कराई थी साथ ही उक्त व्यापारियों द्वारा कई किसानों के साथ धोखाधड़ी कर चुके है यह भी किसान ने पुलिस को बताया था।

नरवर थाना पुलिस ने किसान बसंत वघेल की शिकायत पर गल्ला खरीदी में धोखाधड़ी करने बाले डबरा निवासी गजेन्द्र झा, दीपक झा, कल्याण साहू और मगरौनी के रहने बाले लाखन उर्फ लखन गुर्जर के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।