SHIVPURI NEWS - करैरा के भगवान श्रीराम के आभूषण पहुंचे पुलिस की सुरक्षा में, समिति का निर्णय

Bhopal Samachar



करैरा। नगर के प्रसिद्ध बाबा का बाग बगीचा धाम में नवनिर्मित श्री राम दरबार मंदिर भगवान के लाखों रुपए के आभूषण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब पुलिस अभिरक्षा में रखे जाएंगे। यह नई व्यवस्था मंदिर के भक्तों ने रविवार से लागू कर दी है। विशेष अवसर जैसे श्रीराम जन्मोत्सव और दीपावली जैसे अवसरों पर आभूषण निकलेंगे।

जानकारी के मुताबिक करैरा के बाबा का बाग में श्री राम दरबार मंदिर की जनवरी 2024 में प्राण प्रतिष्ठा की गई। सभी भक्तों ने दिल खोल कर दान दिया और भगवान के लिए लाखों रुपए के आभूषण दान किए। उन सभी आभूषणों को सुरक्षा की दृष्टि से कमेटी के सदस्यों ने आज पुलिस थाना करैरा में एक डिजिटल तिजोरी में जमा करा दिए हैं।

इन आभूषणों में 12 तोले से अधिक के सोने के आभूषण, चार हार, चार बाजू बंद, एक बंदा एवं हनुमान जी महाराज का एक किलो वजनी स्वर्ण जड़ित चांदी का मुकुट आदि एक डिजिटल तिजोरी में थाना पुलिस करैरा के थाना प्रभारी सुरेश शर्मा की उपस्थिति में मालखाने में रखवाई गई।

बदमाश आजकल मंदिरों में भी चोरी से पीछे नहीं हट रहे। भगवान के आभूषणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं ने सुरक्षा के लिए विचार विमर्श किया। पुलिस थाने की तिजोरी से बेहतर विकल्प के रूप में उपाय सूझा। इसलिए नगर निरीक्षक सुरेश शर्मा से चर्चा की। सर्वसम्मति से रविवार को भगवान श्रीराम के आभूषण पुलिस थाने की तिजोरी में सुरक्षित रखवा दिए हैं।

अन्य आभूषण दान में आएंगे, वह भी सुरक्षित रखवाए जाएंगे
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि भगवान के जो भी नए आभूषण दानदाताओं द्वारा दान किए जाएंगे वे आभूषण भी सुरक्षित रखे जाएंगे। इन आभूषणों को विशेष अवसरों पर जैसे श्री राम जन्मोत्सव, दीपावली पर भगवान के श्रृंगार के लिए निकाले जाएंगे। उक्त निर्णय कमेटी ने आभूषणों की सुरक्षा के चलते लिया है। इस दौरान कमेटी के एक सदस्य उपस्थित थे।
G-W2F7VGPV5M