SHIVPURI NEWS - करौंदी में विवाहिता को शादी के 2 महीने बाद ही भगाया

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शहर की करौंदी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला को शादी के दो माह बाद ही पति ने मारपीट कर भगा दिया। महिला भी अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती है। महिला ने आज इसकी एक शिकायत कलेक्टर से दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि उसके तरफ से दिया गया दहेज और पैसे वापस दिलवाए जाए।

करौंदी की रहने वाली रजनी कुशवाह का कहना है कि उसने दूसरी शादी अमोला थाना क्षेत्र के सिरसौद गांव के रहने वाले राम लखन कुशवाह से आठ माह पहले की थी। उसके माता-पिता ने दहेज के रूप में टीवी, फ्रिज कूलर, अलमारी और जरूरत के सामान के साथ साथ 51 हजार रुपये नगद भी दिए थे। शादी के बाद उसके साथ पहले वाले पति से जन्मी बेटी भी साथ रह रही थी।

दो शादी पहले कर चुका पति - महिला

रजनी ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद से ही उसका पति राम लखन उसके व उसकी बेटी के साथ मारपीट करने लगा था और शादी के दो माह बीतने के बाद घर से निकाल दिया था। उसे बाद में मालूम चला कि राम लखन पहले भी दो शादी कर चुका है और दोनों ही पत्नियों को छोड़ चुका है। इसके बाद अब वह भी अपने पति राम लखन के साथ नहीं रहना चाहती है।

दहेज का सामान नहीं लौटा रहा पति

रजनी ने बताया कि वह दहेज के दिए हुए सामान और रुपयों को वापस चाहती है इसके लिए उसने कई प्रयास किए लेकिन उसके पति ने दहेज में दिया हुआ सामान सहित पैसे वापस नहीं किया 30 नवंबर को वह आखिरी बार अपने पति राम लखन के घर गई थी।

जहां उसने सामान नहीं लाने दिया और उसके साथ मारपीट भी कर दी। वह चाहती है कि उसके माता पिता ने दिया हुआ सामान सहित पैसे वापस दिलवाए जाएं। इसी की शिकायत लेकर वह कलेक्टर के पास पहुंची है।