SHIVPURI NEWS - राजमाता विजया राजे की प्रतिमा का अनावरण होते ही रंगीली रोशनी में नहाया शहर, सूर्य करेगा काम

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शिवपुरी के मेडिकल कॉलेज के सामने थीम रोड पर बने पाम आइलैंड में खेल मंत्री यशोधरा राजे ने राजमाता विजया राजे सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही रात करीब 9 बजे पाम आइलैंड के साथ थीम रोड की 13.50 किमी की लाइट चालू करके लोकार्पण कर दिया है। थीम पर इन लगी लाइटो के कारण पूरा शहर रंगीली रोशनी में नहा गया। आम जन खंभों पर लगी रंग बिरंगी लाइटों को वीडियो बनाकर अपने स्टेटस पर लगा रहे थेंं। रात मे रंग बिरंगी रोशनी उत्पन्न करने के पीछे सूर्यदेव दिन में अपना काम करेंगे।

शहर के मध्य से निकली 13.50 किमी थीम रोड पर पाम आइलैंड और 240 खंभों की लाइटों के लिए 85 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। इस कारण नगर पालिका के सामने बिजली बिल का झंझट हमेशा के लिए खत्म हो गया है।

सबसे पहले नवग्रह मंदिर का लोकार्पण

खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने गुरुवार को सबसे पहले नवग्रह मंदिर का लोकार्पण किया। इसके बाद शाम 7:30 बजे पाम आइलैंड पहुंची जहां भव्य मंच सजाया गया था। स्वागत सत्कार के बाद राजमाता विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण किया। इसी के साथ पाम आइलैंड व थीम रोड की लाइट चालू करके लोकार्पण कर दिया है। लोकार्पण के साथ ही पाम आइलैंड रंग बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा है। वहीं पूरी थीम रोड भी अलग-अलग आकार की लाइटों से रोशन हो उठी है।

दिन में लाइटें बंद रहेंगी, शाम को सोलर लाइट से जगमगाएंगी लाइट

पाम आइलैंड में लगे आर्टिफिशियल पाम ट्री सहित थीम रोड पर लगे खंभों की लाइट दिन के उजाले में बंद रहेंगी और शाम को अंधेरा गहराते हुए चालू की जाएंगी। इस रोड से गुजरने वालों के लिए थीम रोड की लाइट अलग ही एहसास कराने लगी हैं। वहीं पाम आइलैंड को देखने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे। बाहर से आने वाले लोगों के मन पर पाम आइलैंड अलग ही छाप छोड़ेगा।

वेंडर तीन साल तक संचालन व संधारण करेगा

पाम आइलैंड व थीम रोड पर लगी लाइटों का वेंडर द्वारा तीन साल तक संचालन किया जाएगा। लाइटें खराब होने की स्थिति में ठीक कराई जाएंगी। संचालन व संधारण की तीन साल की जिम्मेदारी पूरी होने के बाद फिर नगर पालिका जिम्मेदारी संभालेगी।