SHIVPURI NEWS- शिवपुरी पहुंचे राधौगढ के राजकुमार जयवर्धन सिंह, यहां कोई महाराज और युवराज नही होता

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और राधौगढ के राजकुमार जयवर्धन सिंह शनिवार को अल्प प्रवास पर शिवपुरी पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। जानकारी के मुताबिक राधोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह गोवर्धन की परिक्रमा के लिए गिर्राज जी सड़क मार्ग से जा रहे थे।

इसी दौरान वह आज हाल ही में बसपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पोहरी विधानसभा के कांग्रेस की ओर से प्रबल दावेदार कैलाश कुशवाह की माता जी के देहांत होने के बाद उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए करीब एक घंटे शिवपुरी शहर के होटल माटेशवरी रुके थे। इस दौरान राधोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने भाजपा पर फिर एक बार हमला बोला है।

लोकतंत्र में जनता राजा होती है

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद लगातार राधोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के दौरे ग्वालियर अंचल में देखे जा रहे हैं। लगातार महाराज के नाम से जाने जाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में आने-आने पर पूछे गए सवाल पर विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में न कोई महाराज होता और न कोई युवराज होता, जनता ही राजा होती है। मैं एक कांग्रेस का कार्यकर्ता हूं। हम सभी कार्यकर्ताओं का एक ही सपना है कि मध्यप्रदेश में इस बार कांग्रेस की सरकार बनानी है।

धनबल की नहीं जनबल की बनाएंगे सरकार

राधोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बनी बनाई सरकार गिरने का दर्द छलक आया। उन्होंने कहा कि इस बार मध्यप्रदेश में पुनः जनबल की सरकार बनानी है। जिन लोगों ने सौदा करके धनबल से सरकार बना ली थी उन्हें सबक सिखाना हैं। इस बार हमारा एक ही लक्ष्य है मध्यप्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनानी है और कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाना है।

राजीव गांधी का सपना था महिला आरक्षण को लाना

महिला आरक्षण पर राधोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण की शुरुवात कांग्रेस ने की थी यह सोच स्वर्गीय राजीव गांधी की थी। आज पीएम मोदी ने उनके सपने को साकार किया है लेकिन हमें उम्मीद थी कि इस बिल को तत्काल लागू किया जाएगा लेकिन इस बिल को तीन साल के लिए टाल दिया गया है।