SHIVPURI NEWS- भगवान परशुराम की शोभायात्रा: युवाओं की टोलियां जुटी जनसंपर्क में, हाथी,घोड़ा,पालकियों के बीच रथ पर विराजेंगे श्री परशुराम

NEWS ROOM
शिवपुरी।
22 अप्रैल को भगवान विष्णु के अवतार भगवान परशुराम की जयंती पर शिवपुरी शहर में निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारी को लेकर न केवल शिवपुरी शहर या जिला बल्कि आसपास के जिलो में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहर में जगह-जगह भगवान परशुराम के बैनर पोस्टर लगाए जा रहे हैं।

ब्राह्मण समाज की ओर से इस शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने की पुरजोर कोशिश की जा रही है, जिसमें युवाओं की टीम पिछले 2 साल से लगातार आयोजन को लेकर जी तोड़ मेहनत कर रही है। उसका नतीजा भी सामने आ रहा है। उल्लेखनीय है कि शिवपुरी शहर में गत वर्ष परशुराम भगवान की शोभायात्रा में अभूतपूर्व भीड़ उमड़ी थी और गाजे बाजे ढोल ताशों के साथ आतिशी जुलूस से लेकर जगह.जगह शोभायात्रा के स्वागत सत्कार के बाद तात्या टोपे स्मारक राजेश्वरी मंदिर के पास विशाल सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया था। इस बार भी भगवान परशुराम का यह चल समारोह पूरी भव्यता के साथ मनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

परशुराम चौक फिजिकल से गांधी पार्क को निकलेगी शोभायात्रा

परशुराम चौक फि जिकल क्षेत्र से इस भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ 22 अप्रैल को सायं 4:00 किया जाएगा। यहां से प्रारंभ होकर चल समारोह शहर के प्रमुख बाजारों से होता हुआ गांधी पार्क मैदान पर जाकर महाआरती के साथ विराम पाएगा। इस दौरान नगर में स्थान स्थान पर विभिन्न समाजों द्वारा भी इस शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा।

गांधी पार्क में विशाल सामूहिक भोज आयोजित किया गया है। इस शोभायात्रा में भगवान परशुराम की विशालकाय प्रतिमा जहां सभी के आकर्षण और श्रृद्धा का केंद्र रहेगी वहीं संत महंतों के साथ इस शोभा यात्रा को भव्य बनाने के लिए हाथी, घोड़ा, पालकी व रथ सहित भगवान परशुराम के प्रतीक चिन्ह फरसों के साथ युवाओं बुजुर्गों और महिलाओं की टोलियां इस शोभायात्रा में सहभागिता करती दिखाई देंगी।

ग्रामीण अंचल से भी बड़ी संख्या में लोग इस शोभायात्रा में शामिल होने आ रहे हैं। हाइड्रा डीजे पर कर्णप्रिय भजनों की प्रस्तुतियां इस शोभायात्रा में सुनाई देगी वही बैंड बाजे और कई नगाड़ा बैंड भी इस शोभायात्रा में अपनी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जिले भर के ब्राह्मण समुदाय के लोग घर.घर संपर्क कर लोगों को व्यक्तिगत तौर पर इस यात्रा में सहभागिता के लिए आमंत्रित करने में जुटे हुए हैं।

चल समारोह से पूर्व परशुराम पूजा और महाआरती भी

परशुराम जयंती पर इस शोभायात्रा से पूर्व सुबह के समय क्रमश: परशुराम मंदिर बड़े हनुमान जी एवं परशुराम मंदिर फिजिकल क्षेत्र पर भगवान परशुराम की पूजा एवं महा आरती का आयोजन भी किया जा रहा है। तदोपरांत सभी शाम 4 बजे शोभायात्रा मेें शामिल होंगे।
G-W2F7VGPV5M