Shivpuri News- पूर्व जिपं उपाध्यक्ष विजय सिंह बने जिला कांग्रेस अध्यक्ष

NEWS ROOM
शिवपुरी।
लंबे समय से कांग्रेस राजनीति में उपेक्षित चल रहे पूर्व जिपं उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री दाऊ हनुमत सिंह के पुत्र विजय सिंह चौहान को पार्टी ने एक बड़ी जिम्मेदारी दी है। श्री चौहान को श्री प्रकाश शर्मा के स्थान पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है। कल AICC द्वारा घोषित 64 जिला कांग्रेस अध्यक्षों की सूची में उनका नाम शामिल है। श्री चौहान को उनकी नई नियुक्ति पर कई गणमान्य नागरिकों ने अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में लगभग 10 वर्षों तक जिला कांगे्रस अध्यक्ष पद पर श्री प्रकाश शर्मा काबिज रहे। सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद उस समय के जिला कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ सिंह यादव भी भाजपा में शामिल हो गए थे और इसके बाद कांग्रेस ने पुन: श्रीप्रकाश शर्मा पर विश्वास व्यक्त कर उन्हें जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाया था।

लेकिन लंबे समय से उनके बदलाव की अटकलें चल रही थीं। उनकी कार्यप्रणाली से कांग्रेस के एक वर्ग में असंतोष का माहौल था। लेकिन पूर्व मंत्री केपी सिंह का उन पर वरदहस्त था। लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला कांग्रेस में जान फूंकने के लिए यह बदलाव किया गया है। श्री चौहान के पिता दाऊ हनुमंत सिंह करैरा के विधायक रह चुके हैं और वह प्रदेश के कृषि मंत्री भी रहे हैं।

उनके साथ ही उनके पुत्र विजय सिंह चौहान ने राजनीति की शुरुआत की और वह लगभग 25-30 साल पहले जिला पंचायत के उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए थे। तब से वह कांग्रेस में अवश्य जुड़े रहे थे। लेकिन उन्हें कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं मिल पा रही थी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर श्री चौहान के अलावा कांग्रेस प्रवक्ता अजीत भदौरिया का नाम भी चर्चा में था। लेकिन अंतत: विजय सिंह चौहान के नाम पर सहमति बनी।
G-W2F7VGPV5M