शिवपुरी शहर में संत समागम, संस्कार, संस्कृति और पर्यावरण की रक्षा के लिए कराया गया यज्ञ- Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
शहर के पर्यटक स्वागत केंद्र शिवपुरी पर गुरुवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा संत समागम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभर में पर्यावरण बाबा के नाम से विख्यात महामंडलेश्वर बाबा अरुण गिरी महाराज ने कहा कि संस्कार, संस्कृति और पर्यावरण की रक्षा के लिए सामूहिक यज्ञ जरूरी है।

पर्यावरण के इस यज्ञ के लिए यज्ञ दिवस भी मनाया जाना चाहिए। अभा क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में विश्व आध्यात्मिक संस्थान के संस्थापक रघुवीर सिंह गौर के सौजन्य से संत समागम कार्यक्रम आयोजित हुआ।

संत समागम में तमाम संस्थाओं ने संतो का सम्मान किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर आयोजित हुए इस कार्यक्रम में संतो ने वैदिक रीति से मंत्रोच्चार के बीच पौधा रोपण भी किया। रघुवीर सिंह गौर एवं बाबा अरुण गिरी महाराज ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण बचाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम समापन पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से दाहिना हाथ उठाकर शपथ ली। संत जनों द्वारा पर्यटक स्वागत केंद्र में उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों के साथ मंत्रोच्चार के बीच वैदिक रीति रिवाज से पौधरोपण भी किया गया।

संतों की संगत से सद्गुण ग्रहण कर उन्हें दूसरों तक पहुंचाना भी सद्कर्म

विशिष्ठ अतिथि के रूप में रघुवीर सिंह गौर ने कहा कि संतों की संगत से सद्गुण ग्रहण कर उन्हें दूसरों तक पहुंचाना भी सद्कर्म है। हमें बुरे विचारों को ग्रहण न करते हुए अच्छे विचारों को दूसरों तक पहुंचाना है जो भारत के विश्व गुरु बनने के लिए जरूरी है। कार्यक्रम में मदद बैंक के प्रमुख सेवादार बृजेश तोमर ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार रखे। आभार प्रदर्शन क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष एस के एस चौहान ने व भव्य मंच संचालन अंगद सिंह तोमर ने किया।
G-W2F7VGPV5M