शहर में धूमधाम से निकली भगवान परशुराम की शोभायात्रा,क्रेन रही आकर्षक का केन्द्र, सांसद यादव हुए शामिल - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। ब्राह्मण समाज के आराध्य पुरुष भगवान परशुराम के प्रकट उत्सव के उपलक्ष्य में कल रात शिवपुरी के प्रमुख मार्गो से भगवान परशुराम की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान परशुराम की जय जयकार के गगनभेदी नारे लगाए। 

रथ पर सवार भगवान परशुराम का आकर्षक चित्र पर समाजजनों के द्वारा स्थान-स्थान पर पूजा अर्चना की गई। शोभायात्रा में जय-जय परशुराम के जयघोष पूरे रास्ते में सुनाई देते रहे। शोभायात्रा में बुलडोजर, डीजे खासा आकर्षण का केन्द्र रहा। युवा बुलडोजर डीजे के नीचे भक्ति में गीतों के साथ झूमते हुए दिखे। शोभायात्रा में सांसद केपी यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम आदि ने भी भाग लिया। स्थान-स्थान पर शोभायात्रा का लोगों ने भव्य स्वागत किया।

शोभायात्रा का चल समारोह स्थानीय फिजिकल रोड से प्रारंभ हुआ। जिसमें डीजे, घोड़े और बग्गी शोभायात्रा को शाही रंग प्रदान किए हुए थे। शोभायात्रा पुराने बस स्टेंड से होते हुए माधव चौक, कोर्ट रोड सहित मुख्य मार्गो से निकली और जहां-जहां से भी शोभा यात्रा गुजरी वहां भारी भीड के कारण आवागमन अवरुद्ध रहा। सामाजिक बंधुओं के साथ-साथ विभिन्न समाज के लोग भी शोभायात्रा में शामिल रहे। इस बार भगवान परशुराम की शोभायात्रा के लिए सामाजिक बंधुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और आकर्षण परिधानों में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं पूरे समय शोभायात्रा में शामिल रहीं। विभिन्न समाज के लोगों ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया।

गौ रोटी बैंक और कचरा गाड़ी भी चली साथ में

चल समारोह के पीछे नगर पालिका की कचरा गाड़ी सहित गौ रोटी बैंक के वाहन कतारबद्ध चले। जिसका मुख्य उद्देश्य था कि जहां-जहां चल समारोह का स्वागत किया गया था, वहां से कचरे को तत्काल कचरा गाड़ी में डलवाना। इसके साथ ही जो भी भोजन बचे वह भी गौ रोटी बैंक में डालकर ले जाना था।