पानी की लाइन टूटने पर विवाद इतना बढ़ गया कि कुल्हाड़ी चली, गोलियों की हुई बरसात - karera News

NEWS ROOM
करैरा।
खबर करैरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम करई से है जहां पानी की लेजम को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष ने फरियादी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और फायर भी किए। हमले में फरियादी पक्ष की जान तो बच गई लेकिन परिवार के 2 सदस्यों को चोटें आई है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में कराया वहीं मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार करैरा थाना के ग्राम करही निवासी मनीराम पुत्र नारायण सिंह रावत उम्र 34 साल ने बताया कि बीते शनिवार को शाम के समय गांव मे रहने वाले मलखान सिंह रावत के ट्रैक्टर से हमारी पानी की लेजम टूट गई थी। जिस बात को लेकर फरियादी ने मलखान सिंह से कहा कि तुम्हारे ट्रेक्टर से हमारी लेजम टूट गई है। इस बात पर मलखान सिंह रावत व उसकी पत्नी नवल रावत फरियादी पक्ष के साथ गाली-गलौंज करने लगे और वहां से धमकी देकर चले गए।

जिसके बाद रात करीब 9 बजे मलखानसिंह रावत व उसकी पत्नी नवल हमारे घर आए और कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। इसी बीच मलखान सिंह के पक्ष के अंशु रावत निवासी ग्राम कोटरा, पंकज रावत निवासी सुनारी व अन्य लोग आए और उन्होंने जान से मारने की नियत से कट्टे से करीब 100 फायर किए, जिसमें फरियादी पक्ष बाल बाल बच गया। वापस लौटते समय आरोपी जान से मारने की धमकी दे गए। घटना के बाद फरियादी पक्ष ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
G-W2F7VGPV5M