शिवपुरी। शिवपुरी शहर में निर्माणधीन थीम रोड अभी पूरी बनी ही नही थी उससे पहले शहर के दुकानदारो ने उस पर अस्थाई अतिक्रमण कर लिया था। जिससे रोड की चौडाई कम हो गईं। यह अतिक्रमण थीम रोड के सौदर्य पर ग्रहण का काम कर रहा था। बीते रोज शिवपुरी विधायक और प्रदेश की कैबिनेट मंत्री ने थीम रोड की बिगडती थीम को देखा तो वहा नाराज हो गई और अधिकारियो को थीम रोड पर से अतिक्रमण क्लीन करने की हिदायत दी। मंत्री के तीखे तेवर देख सोया हुआ प्रशासन आखिरकार जागा और बुधवार को थीम रोड से अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई।
जिला प्रशासन के साथ नगर पालिका प्रशासन व यातायात विभाग ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए गुना नाके, झांसी तिराहे तक रोड़ पर किए गए अतिक्रमणकारियों को समझाइश देकर अतिक्रमण को हटवाया। अनुविभागीय अधिकारी गणेश जायसवाल ने कहा कि यदि फिर से अतिक्रमण किया तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। कुछ दुकानदारों को पूर्व में अतिक्रमण न करने की चेतवानी देने के बाद भी उनके द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया था और उनके चालान भी काटे गए। अतिक्रमण हटाने गए अमले में एसडीओपी अजय भार्गव, सीएमओ शैलेश अवस्थी और यातायात प्रभारी रणवीर यादव भी शामिल रहे।
प्रशासन की टीम पहुंची तो गोविंद हार्डवेयर, श्रीजी हार्डवेयर के संचालकों द्वारा सरिया व तौल कांटों को सड़क पर रखे हुए थे। इन्हें भी समझाइश दी कि वह भविष्य में सड़क पर सरिया न रखें और अपने तौल कांटों को दुकान के अंदर लगाएं। एसडीएम की चेतावनी के बाद उक्त दोनों दुकानदारों ने तत्काल सड़क पर रखे हुए सरिया और तौल कांटों को वहां से हटा लिया। थीम रोड़ किनारे लगने वाले सब्जी, फल व चाट के हाथ ठेला वाले दुकानदारों को भी वहां से हटाने के लिए कहा गया।
SBI की सड़क पर पार्किंग, मैनेजर सहित कर्मचारियों को समझाया
थीम रोड पर दुकानदारों के साथ सबसे ज्यादा अतिक्रमण बैंकों का है। नियमानुसार बैंक जिस परिसर में संचालित होते हैं वहां पर पार्किंग की व्यवस्था होना चाहिए। कागजों में यह बनी भी होती है, लेकिन हकीकत में पार्किंग सड़क पर ही होती है। सबसे ज्यादा परेशानी का सबब एसबीआइ बैंक बनता है क्योंकि इसकी झांसी तिराहा और गुरुद्वारा पर दो बड़ी शाखाएं हैं।
इन दोनों ही शाखाओं पर उपभोक्ताओं की बहुत आवाजाही रहती है और हर दिन सैकड़ों वाहन सड़कों पर खड़े रहते हैं जो यातायात को बाधित करते हैं। बुधवार को अमले ने झांसी तिराहे पर बैंक के मैनेजर सहित कर्मचारियों को समझाइश दी है। एसडीओपी ने कहा कि अब सड़क पर वाहन खड़े मिले तो सभी का चालान बना देंगे।
अब तक कहां थे अधिकारी!
मंत्री के एक निर्देश के बाद पुलिस और प्रशासन का अमला सड़कों पर उतर गया, लेकिन यह समस्या कल की नहीं है। लंबे समय से लगातार यहां पर अतिक्रमण है जिसका मुद्दा बार-बार उठता रहा है। लेकिन प्रशासन या यातायात पुलिस ने कभी कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई। स्वच्छता अभियान के तहत नगर पालिका ने गत दिनों कार्रवाई की थी तो विवाद भी हो गया था। यदि प्रशासन ने लगातार यहां सख्ती नहीं बरती तो कुछ दिन बाद हालात जस के तस होंेगे।
बार-बार दावे, कब मिलेगी थीम रोड!
थीम रोड पहले ही डेढ़ साल देरी से चल रही थी। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने व्यक्तिगत रूप से इसमे रुचि ली और एक के बाद एक बैठकें व दौरे कर इसके जल्द निर्माण के लिए जोर लगाया। अप्रैल 2020 में इसके पूरे होने की समय सीमा तय की गई थी जिसके लिए पूरे शहर में खेद प्रकट करने के होर्डिंग भी लगा दिए गए थे। अप्रैल बीतने के बाद भी थीम रोड पूरी नहीं हुई।
इस साल भी यह पूरी होती मुश्किल ही नजर आ रही है। अभी ठाकुर बाबा मंदिर के सामने निर्माण बचा है। थोड़ा निर्माण बड़ोदी साइड भी बचा है। जिन जगहों पर पुलिया बनीं हैं वहां भी काम होना है। इसके बाद नगर पालिका को थीम रोड पर सौंदर्यीकरण भी करना है। जब थीम रोड हैंडओवर होगी उसके बाद सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो सकेगा। इसके लिए योजना भी बनाकर तैयार कर ली है जो फिलहाल कागजों है।
मास्क लगाने का भी किया अनुरोध, वितरण भी किया
कोविड की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दुकानदार व आम जनता से कोविड के नियमों का पालन करने के लिए कहा गया। एसडीएम ने कहा कि दो गज की दूरी का पालन करें और मुंह पर मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं। अपील के दौरान मास्क वितरण भी किया गया।

