वैक्सीनेशन महाअभियान: आने वाले खतरे से बचने के लिए कल ही लगवाएं वैक्सीन- Shivpuri News

शिवपुरी। कोविड से सुरक्षा के लिए वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया जा रहा है। कोविड के नये वैरिएंट के खतरे को देखते हुए वैक्सीन लगवाना एवं सावधानी बरतना और भी महत्वपूर्ण हो गया है। आज 8 दिसंबर को जिले में वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया जाएगा। जिन्‍होंने वैक्सीन का सेकेण्ड डोज पूरा नहीं किया है वह अपने नजदीकी केन्‍द्र पर जाकर वैक्सीन अवश्य लगवाएं।

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह द्वारा वैक्सीनेशन महाअभियान की लगातार समीक्षा की जा रही है। बुधवार को आयोजित होने वाले महाअभियान के संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य अधिकारियों को भी निर्देश दिये हैं। वैक्सीनेशन महाअभियान की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गये हैं, जिन्‍हें अपने क्षेत्र में भ्रमण कर वैक्सीनेशन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। बुधवार के महाअभियान के दौरान भी अधिकारियों को उन्‍हें सौंपे गये क्षेत्रों में भ्रमण करने के निर्देश दिये गये हैं।

प्राप्त जानकारी अनुसार 8 दिसंबर के महाअभियान के लिए 194 केन्द्र बनाये गये हैं। जिसमें शिवपुरी शहरी क्षेत्र में 30 केन्द्र बनाये गये हैं और एक मोबाइल टीम रखी गई है। अभी जिले में सेकेण्‍ड डोज लगवाने वालों की बढ़ी संख्या है। वैक्सीनेशन के शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सेकेण्ड डोज के लक्ष्य को पूरा करना है। इसमें सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इसलिए जिन्‍हें वैक्सीन नहीं लगी है, वह वैक्सीन लगवाएं और जिनका सेकेण्ड डोज शेष है वह सेकेण्ड डोज पूरा करें।