शिवपुरी। कोतवाली क्षेत्र के बस स्टेंड के पास एक महिला सहित चार बदमाशों ने एक युवक को पकड़कर उसमें चांटे मारकर उससे 70 हजार रूपए छीन लिए और वहां से भाग गए। जिनमें से एक महिला और एक पुरूष को मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और बाद में उनकी जमकर धुनाई लगाकर पुलिस के हवाले कर दिया। यहां पुलिस ने पीडि़त युवक सुमत जाटव की रिपोर्ट पर से पकड़ी गई महिला दलू राय और पुरूष मोहन भाट सहित उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ भादवि की धारा 382, के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फरियादी सुमत जाटव पुत्र सरमन जाटव सोमवार की दोपहर बस स्टेंड पर अपने गांव जलवासा जाने के लिए पहुंचा था। लेकिन बस न होने के कारण वह बस स्टेंड पर स्थित चाय की दुकान पर चाय पीने लगा। उसी दौरान एक महिला सहित तीन युवक उसके पास आकर बैठ गए।
जब उसने चाय के पैसे दिए तो उसकी जेब में रखे 70 हजार रूपए बदमाशों ने देख लिए और चाय का भुगतान करने के बाद सुमत वहां से पैदल जाने लगा तो बदमाश भी उसके पीछे लग गए और चाय की दुकान से कुछ दुर पहुंचकर एक बदमाश ने उसका हाथ पकड़ लिया और जबकि दूसरे बदमाश ने उसकी जेब से 70 हजार रूपए निकाल लिए और वहां से दौड़ लगाकर भाग गए।
बदमाशों के साथ एक महिला दलू राय और पुरूष मोहन भाट निवासी झांसी सहित दो अन्य लोग भी थे। वहां पर मौजूद शिशुपाल सिंह और सतेंद्र मिश्रा ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। जबकि दो भागने में सफल हो गए। इसके बाद दोनों बदमाशों की जमकर पिटाई लगा दी। बाद में मौके पर पुलिस बुलाकर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बदमाशों से पूछताछ करने के बाद फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

