सफाईकर्मियों की हड़ताल से कचरा का ढेर बना शिवपुरी, CMO बोले मिलजुलकर निकालेंगे हल- Shivpuri News

शिवपुरी। एक और शिवपुरी नगर पालिका सीएमओ शैलेष अवस्थी शिवपुरी जिले को स्वच्छता के मानकों में टॉप टेन में लाने का संकल्प लेकर शहर की स्वच्छता पर अपना पूरा फोकस किए हुए है। दूसरी और अपनी मांगों को लेकर शहर में सफाईकर्मीयों ने नगर पालिका में अपना टेंट गाडते हुए हडताल कर दी है। जिससे एक ही दिन में शहर में यहां वहां गंदगी दिखने लगी है।

जानकारी के अनुसार अपनी मांगों को लेकर सफाईकर्मीयों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल करते हुए कल से नगर पालिका प्रांगण में टेंट गाढ़ दिया है। हड़तालियों ने अन्य नगर पालिका के कर्मचारियों से भी अनुरोध किया है कि वह कर्मचारी हित में हड़ताल को समर्थन दें और कार्य न करें। हड़ताल के दौरान नगर पालिका परिसर में सफाईकर्मियों के नेता कमल किशोर कोड़े और संतोष कोड़े ने यह ऐलान किया कि हमारी एकजुटता ही हमारी शक्ति है। हम अपना हक लेकर रहेंगे।

जब तक हमें हमारा हक नहीं मिलता तब तक हम विरोध में हड़ताल करते रहेंगे। नेताओं ने सफाईकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ मांगे तो ऐसी हैं जिनका तत्काल निराकरण संभव है, लेकिन वह आज भी लंबित हैं। सफाईकर्मियों की हड़ताल को लेकर सीएमओ शैलेष अवस्थी ने कहा कि सफाईकर्मी हमारे नगर पालिका परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

जल्द ही मिल बैठकर उनकी मांगों का न्यायोचित निराकरण करेंगे। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि जब हम लोग बैठकर लंबी चर्चा किए थे तब बहुत हद तक सहमति बन गई थी। लेटर भी टाइप होने लगा था, पता नहीं अचानक कैसे हड़ताल की घोषणा हो गई। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जल्द ही हम सौहार्दपूर्ण वार्तालाप करके सार्थक नतीजे पर पहुंच जाएंगे। हांलाकि खबर लिखे जाने तक सफाईकर्मी हडताल पर बैठे हुए है। उनकी हडताल अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।