शिवपुरी। खबर शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर से आ रही है। जहां आज बिजली विभाग के अधिकारीयों को पब्लिक और अभिभाषकों ने दौडा दौडा कर पीटा। यह घटना लोक अदालत में आज बिजली विभाग के काउंटर पर उस समय कुछ लोगों ने सहायक यंत्री रणजीत सिंह भदौरिया को बुरी तरह धुन दिया, जब वह तनावपूर्ण क्षणों में काउंटर पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 8 से 10 लोगों ने उनकी लातों और घूंसों से पिटाई की जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनके कानों से खून निकल आया। इस घटनाक्रम से पहले एक अभिभाषक की बिजली अधिकारी से हुए विवाद के बाद काउंटर बंद कर दिया गया था और जब श्री भदौरिया वहां पहुंचे तो वे आक्रोशित लोगों सहित अभिभाषकों के निशाने पर आ गए। इसके बाद बिजली कर्मचारी कोतवाली पहुंचे जहां उन्होंने श्री भदौरिया को पीटने के मामले में 8-10 अज्ञात लोगों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कराया।
विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे ने बताया कि लोक अदालत के दौरान जब वह बिजली विभाग के काउंटर पर बैठे हुए थे तो उस समय एक अभिभाषक अपने बिल संबंधी परेशानी के लिए वहां आए। श्री दुबे ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण नजदीकियां न हों इसलिए विभाग ने वहां गार्ड लगा रखे थे। उनके अनुसार उन्होंने अभिभाषक से कहा कि थोड़ा दूर रहकर बात करें और बिल का निराकरण कुछ समय के बाद करेंगे।
इसके बाद अभिभाषक ने विवाद किया और इसी बीच गार्ड ने हस्तक्षेप किया तो वकील साहब आक्रोशित हो उठे और वह कुछ लोगों को वहां ले आए। स्थिति बिगड़ती देखकर हमने काउंटर बंद कर दिया। उस समय एई भदौरिया कोर्ट में थे। आधा घंटे पश्चात जब वह वहां आए और उन्होंने बंद काउंटर देखा और काउंटर बंद करने का कारण पूछा। इसके पश्चात वे वहीं बैठ गए। उसी समय कुछ लोग वहां आए और उन्होंने एई भदौरिया से अभद्रता करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिसकर्मियों ने श्री भदौरिया को लोगों के गुस्से बचाया, लेकिन इसके बाद भी उन्हें गंभीर चोटें आईं हैं।
इनका कहना है
एई रणजीत सिंह भदौरिया की पिटाई के मामले में हमारे वकीलों की कोई भूमिका नहीं है। हालांकि विद्युत अधिकारियों ने हमारे एक अभिभाषक भाई से अभद्रता की थी जिसकी शिकायत करने हम बिजली विभाग के काउंटर पर गए थे और उनसे कहा था कि हम लोक अदालत में आपका सपोर्ट करते हैं इसके बाद भी हमसे अभद्रता क्यों कर रहे हैं। अपनी आपत्ति दर्ज करने के बाद वहां से चले आए। चंूकि विद्युत विभाग से आमजन त्रस्त है इसलिए आक्रोशित लोगों ने एई भदौरिया की पिटाई लगाई है। यह घटना विभाग के अधिकारियों को एक सबक के रूप में लेनी चाहिए कि वह जनता को इतना त्रस्त न करें कि उन्हें कानून हाथ में लेने पर विवश होना पड़े।
शैलेन्द्र समाधिया, अध्यक्ष बार एसोसिएशन शिवपुरी
हमारे एक अभिभाषक भाई हेमंत कटारे के साथ विद्युत अधिकारियों ने अभद्रता कर दी थी। हमने अपनी आपत्ति विद्युत अधिकारियों के सामने दर्ज कराई थी और यह कहकर चले गए थे। उस समय वहां विद्युत उपभोक्ता भी बिजली विभाग के अधिकारियों के व्यवहार से बहुत नाराज थे। हो सकता है उन्हें में से कुछ लोगों ने श्री भदौरिया की पिटाई की हो।
पंकज आहूजा, सचिव बार एसोसिएशन शिवपुरी
कुछ लोगों ने लोक अदालत में बिजली विभाग के काउंटर को बंद करा दिया था। यह जानकारी मिलने के बाद में जब मैं काउंटर पर पहुंचा तो 8-10 अज्ञात लोगों ने मेरे साथ मारपीट की जिससे मेरे बाए कान में चोट आई है तथा शरीर में कई जगह मूंदी चोटें आईं हैं। मारने वाले लोगों को मैं पहचान लूंगा।
रणजीत सिंह भदौरिया, एई विद्युत विभाग शिवपुरी

