मोबाइल टावर की 24 बैटरियां चोरी, जब नेटवर्क फेल हुआ तब पता चला- kolaras News

कोलारस। जिले के कोलारस में मंगलवार को अचानक से एक निजी मोबाइल कंपनी का नेटवर्क फेल हो गए। टेक्निकल स्टाफ ने नेटवर्क फेल होने के कारणों की जांच शुरू की, लेकिन कहीं कोई फाल्ट नजर नहीं आया, जिस पर दोपहर बाद ओएंडएम इंजीनियर राधाकृष्ण धाकड़ ने टॉवर पर जाकर देखा तब पता चला कि टावर से बैटरियां चोरी हो गई हैं। यही कारण है कि नेटवर्क फेल हुआ है। कर्मचारियों ने मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज कराई है। चोरी गई 24 बैटरियों की कीमत 80 हजार रुपए बताई जा रही है।

राधाकृष्ण धाकड़ के अनुसार टॉवर पर कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था, लेकिन यह टॉवर मुख्य सड़क के किनारे पर स्थित है। ऐसे में चोरी की इस वारदात ने रात गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी की यह वारदात रात 2 से सुबह 5 बजे की बताई जा रही है। चोरी की वारदात का पता इसलिए भी चल सका, क्योंकि सुबह जब लाइट गई तो टॉवर को बैटरियों से पावर सप्लाई नहीं मिल सकी। अगर लाइट नहीं जाती तो शायद बैटरी चोरी का पता नहीं चलता।