शिवपुरी। आज दीपावली के त्योहार पर जहां घर-घर में रोशनी बिखरती है वहीं बिजली विभाग में चल रही हड़ताल के कारण सदर बाजार में दुकानदार अंधेरे में व्यापार करने को मजबूर हैं। सदर बाजार क्षेत्र में रविवार शाम से एक फेज की बत्ती गुल है जिससे करीब दो दर्जन दुकानदार अंधेरे में हैं। शिकायत दर्ज कराने के लिए गए भी तो पता चला कि बिजली कंपनी के अधिकारी हड़ताल पर हैं जिसके कारण कोई सुनवाई नहीं हुई।
ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अब दुकानदार परेशान हैं कि व्यापार के सबसे बड़े अवसर पर अंधेरे में होने के कारण दीपावली फीकी रह जाएगी। वहीं दूसरी ओर दोपहर में नगर पालिका कार्यालय में हंगामा होने के बाद ताले डल गए। कर्मचारी ऑफिस छोड़कर भाग गए और दिनभर काम प्रभावित रहा। इस मामले की सूचना स्थानीय व्यापारीयों ने पहले तो बिजली विभाग के अधिकारीयो को दी। जब अधिकारीयों ने नहीं सुनी तो व्यापारीयों ने मंत्री प्रधुम्मन सिंह तोमर को फोन लगाकर बीच बाजार में हंगामा कर दिया।
दुकान संचालक राम लखेरा ने बताया कि रविवार को शाम 5 बजे के आसपास लाइट चली गई थी जिसके बाद देर रात तक नहीं आई। आज दिन में 2 बजे थोड़ी देर के लिए लाइट आई और फिर चली गई। कुछ समय तो इन्वर्टर के भरोसे काट लिया, लेकिन अब मोमबत्ती चलाकर व्यापार करना पड़ रहा है। जब दुकान ही अंधेरे में होगी तो ग्राहक कैसे आएगा। यहां पर लखेरा गली तक जिनका कनेक्शन कोर्ट रोड फीडर से है उनकी बिजली आ रही है।
कुछ दुकानदारों ने डबल कनेक्शन लिए हैं तो उनकी लाइट आ रही है। इस संबंध में जब एई श्रीवास्तव से नईदुनिया ने पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय हड़ताल चल रही है और हम भी हड़ताल पर हैं। इसलिए इस मामले में कुछ नहीं कह सकते हैं। वहीं व्यापारियों की परेशानी यह है कि अधिकारी आज मंगलवार को भी हड़ताल पर रहेंगे। ऐसे में बिजली नहीं आई तो दीपावली कैसे रोशन होगी।
इस मामले में व्यापारीयों के हंगामे के बाद एसडीओपी अजय भार्गव,टीआई कोतवाली सुनील खेमरिया,यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव और फिजीकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौर पहुंचे और व्यापारीयों को समझाने का प्रयास किया। परंतु व्यापारी मानने को तैयार नही हुए। खबर लिखे जाने तक व्यापारी गुस्से में है ।

