Shivpuri News- शहर से सूअर तक नहीं भगा पा रही नगर पालिका

Bhopal Samachar
शिवपुरी। नगर पालिका शिवपुरी में नए मुख्य नगर पालिका अधिकारी के आने के बाद यह आशा बनी थी कि वह शिवपुरी की गंभीर सूअर समस्या को अवश्य हल करेंगे। इसके लिए प्रशासन से लेकर अभिभाषकों तक का दबाव उन पर था। लेकिन अब लगता है कि नपा प्रशासन इससे बेपरवाह हो गया है और न तो सूअरों की धरपकड़ की जा रही है और न ही नगर पालिका में कार्यरत सूअर पालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई की जा रही है।

नगर पालिका की ऐसी बेवशी चिंता का विषय बनी हुई है और इससे शहर में गंदगी का साम्राज्य जहां बढ़ रहा है। वहीं सूअरों के कारण आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार भी हो रहे हैं। शहर की कोई भी कॉलोनी ऐसी नहीं है जो सूअरों के आतंक से मुक्त हो।


लंबे समय तक जब शहर की सूअर समस्या हल नहीं हुई तो अभिभाषक संजीव विलगैयां ने दबाव बनाया और नगर पालिका को नोटिस देकर माननीय उच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों का पालन करने के लिए कहा। इससे सुस्त पड़ी नगर पालिका में किंचित गतिशीलता आई और नगर पालिका ने विज्ञप्ति निकाली की, जिन-जिन सूअर पालकों के शहर में सूअर हैं, वे अपना रजिस्ट्रेशन नगर पालिका में कराएं अन्यथा सूअरों को आवारा मानकर उनके उन्मूलन की कार्रवाई की जाएगी।

लेकिन सूअर पालकों के हौंसले इतने बुलंद रहे कि किसी ने भी अपना रजिस्ट्रेशन नगर पालिका में नहीं कराया। इससे स्पष्ट हो गया कि शहर के सारे सूअर आवारा हैं और नगर पालिका चाहे तो उनका उन्मूलन कर सकती है। वहीं विलगैयां ने उच्च न्यायालय मेें सूअरों के सफाए के लिए याचिका भी दायर कर दी।

इससे न्याय पालिका का ध्यान भटकाने के लिए नगर पालिका ने एक दिन सूअर पकड़ों अभियान चलाया और नगर पालिका के आंकड़ों पर यदि भरोसा करें तो सिर्फ 500 सूअरों की पकड़ा धकड़ी हुई है। इसके बाद यह अभियान ठंडे बस्ते में चला गया। जबकि शहर में 25-30 हजार से अधिक सूअर निश्चिंत विचरण कर रहे हैं और नागरिकों का जीवन नारकीय बना रहे हैं।

शहर में सर्वाधिक सूअर कृष्णपुरम कॉलोनी, श्रीराम कॉलोनी, गौतम बिहार कॉलोनी, महल कॉलोनी, हलवाई खाना, आर्यसमाज रोड़, कमलागंज, विवेकानंद कॉलोनी आदि क्षेत्रों में सैकड़ों की संख्या में 24 घंटे घूम रहे हैं। ये सूअर नालियों और जहां-जहां पानी भरा होता है वहां धमाचौकड़ी करते हुए आसानी से मिल जाते हैं। खाली पड़े प्लॉटों में भी इन सूअरों ने अपना बसेरा बना लिया है।
G-W2F7VGPV5M