शिवपुरी में आन बान और शान से फहरा तिरंगा, कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। जिले में 75 वां राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पर जिले में तिरंगा पूरी आन बान और शान के साथ लहराया गया। जिला मुख्यालय पर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्‍टर अक्षय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण पश्चात राष्ट्रगान का गायन हुआ।

इस ध्वजारोहण कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया को ध्वारोहण करने का कार्यक्रम तय हुआ था। परंतु लास्ट समय में उनकी तबियत विगडने के चलते उनका कार्यक्रम कैंसिल हो गया था। जिसके चलते कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया।

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के अवसर पर कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल के साथ परेड का निरीक्षण किया तथा सलामी ली। इस दौरान परेड की टुकड़ियों द्वारा हर्ष फायर किया गया।

मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ वाचन

समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रदेश की जनता के नाम प्रसारित संदेश का वाचन कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह द्वारा किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा रंग बिरंगे गुब्बारे खुले गगन में छोड़े गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा जिले के लोकतंत्र सेनानी को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

आकर्षक मार्चपास्ट से सभी हुए प्रभावित

संयुक्त परेड में एस ए एफ सशस्त्र बल, पुलिस बल पुरूष, पुलिस बल महिला और होमगार्ड के बल ने भाग लिया। मार्चपास्ट के पश्चात सभी टुकड़ियों के परेड कमांडर्स से मुख्य अतिथि ने परिचय प्राप्त किया। परेड में प्रथम स्थान पर 18 बटालियन एसएएफ, द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से पुलिस बल पुरुष और महिला पुलिस बल ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान होमगार्ड ने प्राप्त किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किया सम्मानित

कोरोना काल मे और बाढ़ आपदा राहत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। जिसमें कलेक्टर कार्यालय, पुलिस और विकासखंड स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन गिरीश मिश्रा और श्रीमती हेमलता चौधरी ने किया।
G-W2F7VGPV5M