अमृत महोत्सव: देश के आजादी के लिए युवाओं ने लगाई दौड़ - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सम्पूर्ण भारत में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी के तहत शुक्रवार को तात्याटोपे समाधि स्थल से फ्रीडम दौड़ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने दौड़ को हरी झंडी दिखाई।

इस मौके पर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चन्देल, पूर्व विघायक प्रहलाद भारती, जिला संगठक एन.एस.एस. डॉ. श्याम सुन्दर खण्डेलवाल, मंगलम संस्था के जिनेन्द्र जैन, वरिष्ठ खिलाडी श्री छोटे खान, खेल प्रशिक्षक प्रदीप रावत, उप निदेशक नेहरू युवा केन्द्र श्री एस.एन.जयंत व अन्य उपस्थिति अतिथियों ने तात्याटोपे की समाधि स्थल पर माला एंव पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

पुलिस अधीक्षक राजेश चन्देल ने युवाओं को दौड को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। इसके बाद राष्ट्रगान किया गया व मुख्य अतिथि श्री राजेष सिंह चन्देल द्वारा युवाओं को शपथ दिलाकर दौड़ का शुभारम्भ किया गया। फ्रीडम दौड़ का प्रारम्भ तात्याटोपे के समाधि स्थल से नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर समापन किया गया।

नेहरू युवा केन्द्र शिवपुरी के उप निदेशक श्री एस.एन.जयंत ने बताया कि नेहरू युवा केन्द्र संगठन भारत सरकार द्वारा आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश के 744 जिलों के 75-75 ग्रामों में 13 अगस्त से 2 अक्टूबर तक फ्रीडम दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 13 मार्च 2021 को अपने भाषण में आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में सम्पूर्ण देश में मनाये जाने की घोषणा की गई थी।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम के युवा प्रतिभागिता करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगोष्ठियां व रैलियों का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के लगभग 7 करोड 50 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम में देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी घटनाओं, स्वतंत्रता सेनानियों व ऐतिहासिक स्थलों के बारे में युवाओं को बताया जाएगा।

श्री जयंत ने बताया कि नेहरू युवा केन्द्र षिवपुरी के द्वारा भी जिले के चयनित 75 गांवों में युवा मण्डलों, जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, एन.एस.एस, खेल विभाग आदि के सहयोग से आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रत्येक गांव के 75 युवा इसमें प्रतिभागिता करेंगे।

मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्री प्रहलाद भारती ने कहा कि भारत सरकार का उद्देश्य आजादी के अमृत महोत्सव के माध्यम से स्वतन्त्रता आन्दोलन की वर्षगांठ पर हमारे आन्दोलनकारियों के देश की आजादी में दिये गये योगदान को लोगों तक पहुंचाना है व हमारे ऐतिहासिक स्थलों के महत्व को लोगों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही लोगों में फिट रहने की भावना का विकास करना है। यदि हम लोग स्वस्थ रहेंगे तो हमारा जिला, प्रदेश व देश स्वस्थ रहेगा। स्वस्थ रहने का एक सशक्त माध्यम खेल भी है। कार्यक्रम में अन्य अतिथियों द्वारा भी अपने विचार साझा किए गए।
G-W2F7VGPV5M