कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया नरवर के ग्राम ख्यावदा और पनघटा का निरीक्षण, ग्रामीणों से की चर्चा - narwar News

शिवपुरी। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल शुक्रवार को नरवर विकासखंड के भ्रमण पर निकले। उन्होंने नरवर के ग्राम ख्यावदा और पनघटा का निरीक्षण किया। वहां ग्रामीणों से चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनी।

उल्लेखनीय है कि अतिवृष्टि बाढ़ आपदा के कारण नरवर क्षेत्र के कई गांव प्रभावित हुए हैं। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार क्षेत्र में भ्रमण किया जा रहा है। शुक्रवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक बाढ़ प्रभावित गांव ख्यावदा और पनघटा में ग्रामीणों से मिले और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने बाढ़ के कारण हुए नुकसान का जायजा लिया।

मौके पर उपस्थित तहसीलदार और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने राहत सामग्री वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ली। ग्रामीणों को बताया कि जिला प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय होकर काम कर रही है। ग्रामीणों की जो समस्याएं हैं उनका निराकरण किया जाएगा। टीम द्वारा सर्वे जारी है। ग्रामीणों का जो भी नुकसान हुआ है उन्हें शासन द्वारा प्रदान की जा रही मदद दी जाएगी।