पूर्व पार्षद श्रीमती वंदना शिवहरे का मुंबई में कोरोना से निधन - Shivpuri News

शिवपुरी। शिवपुरी की पूर्व पार्षद श्रीमती वंदना शिवहरे पत्नी राजेंद्र शिवहरे का कोरोना का निधन हो गया है। नगर के प्रतिष्ठित शिवहरे परिवार की श्रीमती वंदना शिवहरे शिवपुरी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन स्व. श्री लक्ष्मीनारायण शिवहरे की पुत्रवधु थीं। वह कोरोना से संक्रमित होने के बाद करीब 15 दिन से ग्वालियर के लाइफलाइन हॉस्पिटल में भर्ती थीं जहां बीती रात उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई।

गंभीर हालत में उन्हें विशेष विमान से मुंबई के लीलावती अस्पताल ले जाया गया जहां आज सुबह करीब 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके आकस्मिक निधन से शिवपुरी के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे दो अविवाहित पुत्रियों सुश्री ज्योति शिवहरे एवं तनु शिवहरे को बिलखता छोड़ गई हैं।

बड़ी बेटी ज्योति अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, जबकि छोटी बेटी तनु शिवहरे जज (मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा) है। समाचार लिखे जाने तक परिवारीजन उनके पार्थिक शरीर को मुंबई से शिवपुरी लाने का प्रयास कर रहे हैं। बता दें कि कुछ दिन पूर्व श्रीमती वंदना शिवहरे के भाई श्री नवल किशोर शिवहरे (भिंड) का निधन हो गया था।