पिता बाइक नही दिलवा कर रहे थे, शादी में से बाईक चुरा लाया युवक - shivpuri news

शिवपुरी। सीहौर थाना क्षेत्र के सूड़ गांव में शादी समारोह से बाइक चोरी चली गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो मौसेरे भाइयों से पूछताछ की तो चोरी गई बाइक बरामद हो गई है। पकड़े गए युवक ने बताया कि उसके पिता उसे गाड़ी नहीं दिला रहे थे। इसलिए शादी समारोह से बाइक चुराकर ले आए।

जानकारी के अनुसार मलखान रावत निवासी ग्राम सुनारी 10 दिसंबर को सूड गांव रिश्तेदार की शादी में शामिल हुआ था। भोजन करके लौटा तो बाइक गायब थी। सीहोर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि दो युवक शादी में एक बाइक पर आए थे और वापस दो बाइक से गए हैं। इसी आधार पर पुलिस ने युवकों को उठाया और पूछताछ की तो बाइक बरामद हो गई है। 

बताया जा रहा है कि भानु पुत्र नाथू सिंह रावत उम्र 24 साल निवासी शेखरा ग्वालियर अपने मौसेरे भाई चंद्रभान पुत्र चेतन रावत उम्र 19 साल निवासी दिहायला के संग रिश्तेदार की उसी शादी में शामिल हुआ था। 

भानु के पिता उसे बाइक नहीं दिलवा रहे थे। इसलिए भानु ने अपना शौक पूरा करने के लिए शादी समारोह से बाइक चुरा ली। चोरी गई बाइक को दिहायला में छुपाकर रखा था। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।