बैराड़। बैराड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरई गाँव में शनिवार की देर रात पूर्व डकैत हरिसिंह पंवार और उसके लड़के लल्ला पंवार ने अपने साथियों के साथ मिलकर आदिवासियों की मारपीट कर उन्हें गाँव से खदेड़ दिया। आदिवासियों और पूर्व डकैत हरिसिंह पंवार के बीच जंगल से चीड़ की गोंद तोड़ने को लेकर विवाद चला आ रहा है।
जहां आदिवासी जंगल में पेड़ों पर लगी चीड़ की गोंद पर अपना हक बताते हैं वहीं पूर्व डकैत हरिसिंह पंवार अपनी दबंगई के चलते इस पर अपना हक जता रहा है शनिवार की रात मारपीट की घटना से आक्रोशित आदिवासियों ने एकजुटता दिखाते हुए रविवार की दोपहर एक सैकड़ा आदिवासी महिला पुरुषों ने पूर्व डकैत हरिसिंह पंवार और उसके लड़के लल्ला पंवार पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाने का घेराव कर थाना प्रभारी के नाम आवेदन पत्र दिया।
बैराड़ पुलिस थाने पहुंचे आदिवासियों ने बताया कि पूर्व डकैत हरि सिंह पंवार और उसके लड़के लल्ला पंवार ने हम आदिवासियों का जीना हराम कर रखा है हम जंगल से चीड़ की गोंद लेकर आते हैं तो लल्ला पंवार और उसके लोग हमसे गोंद छुड़ा कर मारपीट कर भगा देते हैं।
शनिवार की रात यानी 12 दिसंबर को पूर्व डकैत हरिसिंह पंवार के लड़के लल्ला पंवार ने चीड़ की गोंद को लेकर फिर से विवाद किया और रवि आदिवासी की बेरहमी से मारपीट कर पीट में चाकू मार दिया जिसकी रिपोर्ट फरियादी ने बैराड़ थाने पर की थी जिसकी सूचना लल्ला पंवार को मिली तो लल्ला पंवार ने अपने साथियों के साथ पिपरई के जंगल में झोपड़ी बना कर रह रहे आदिवासियों की मारपीट कर उन्हें वहां से खदेड़ा दिया और उनके वर्तन भांडे फोड़ दिए। फिलहाल बैराड़ पुलिस ने आदिवासियों को कार्रवाई का आश्वासन देकर गाँव वापस भेज दिया है।

