शिवपुरी। कोरोना संक्रमित होने के बाद शिवपुरी जिले की पिछोर तहसील के रहने वाले दो मरीजों की गुरुवार को मौत हो गई हैं। रोजगार सहायक ने ग्वालियर से दिल्ली ले जाते वक्त आगरा के नजदीक दम तोड़ दिया,जबकि दिल्ली में इलाज करा रहे ठेकेदार की मौत हो गई। इसी के साथ शिवपुरी जिले में कोरोना से 47 लोगों की जान जा चुकी है।
जानकारी के मुताबिक पिछोर की ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक संतोष दुबे उम्र 35 साल पुत्र हरीशंकर दुबे कोरोना संक्रमित हो जाने पर ग्वालियर भर्ती कराया था। हालत बिगड़ने पर बुधवार-गुरुवार की रात परिजन दिल्ली लेकर रवाना हुए, लेकिन आगरा के नजदीक सुबह 4 से 5 बजे के बीच संतोष दुबे ने दम तोड़ दिया।
इसके बाद परिजन शव को वापस लेकर आ गए। वहीं ठेकेदार संजीव उम्र 47 साल पुत्र मन्नूलाल कनकने निवासी कनकने मोहल्ला पिछोर की गुरुवार की सुबह 10 से 11 बजे के बीच मौत हो गई है। रोजगार सहायक संतोष दुबे की रिपोर्ट 7 दिसंबर को कोरोना पॉजिटिव आई थी।
परिजन इलाज के लिए सीधे ग्वालियर लेकर पहुंच गए। इलाज के दौरान हालत बिगड़ती चली गई। वहीं ठेकेदार संजीव कनकने 5 दिसंबर को कोरोना संक्रमित हुए थे। पहले जिला अस्पताल शिवपुरी भर्ती कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन ग्वालियर ले गए। इसके बाद दिल्ली जाकर भर्ती करा दिया। दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई।
15 सैंपल पॉजिटिव निकले , वहीं 7 मरीज स्वस्थ हुए
मेडिकल कॉलेज शिवपुरी और रेपिड एंटीजन किट में 15 रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई हैं । वहीं 7 मरीज स्वस्थ हो गए हैं । स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को कुल 361 सैंपल टेस्ट में 15 रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली हैं । इसी के साथ जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 3685 हो गई हैं।

