मिट्टी की खदान धंसने से युवक की दबकर मौत, एक घायल - SHIVPURI NEWS

NEWS ROOM
शिवपुरी।
खनियांधाना के ग्राम डोंगा में रविवार की शाम सफेद मिट्टी निकालते समय खदान धसकने से दो युवक उसमें दब गए। जिनमें से एक युवक की दम घुटने से मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। घटना के बाद दोनों युवकों के मिट्टी के नीचे से निकाला गया और घायल युवक को अस्पताल भेजा गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर आ गई और मृतक के शव को पीएम हाऊस भेजकर कार्रवाई शुरू की। 

जानकारी के अनुसार दीपावली त्यौहार के नजदीक होने पर गांवों में लिपाई पुताई का काम चल रहा है। घर की लिपाई पुताई के लिए पोतनी लाने डोंगा निवासी चचेरे भाई पप्पू यादव और मलखान सिंह यादव खदान पर पहुंचे। शाम करीब 4 बजे के लगभग वह खदान से मिट्टी खोद रहे थे। तभी खदान धसक गई और दोनों मिट्टी में दब गए। जिसमें मलखान सिंह यादव की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई। 

जबकि पप्पू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। खदान धसकने के बाद वहां मौजूद ग्रामीण एकत्रित हो गए और उन्होंने मिट्टी में दबे दोनों भाईयों को बाहर निकालने के लिए मिट्टी हटाना शुरू किया। लेकिन जब तक उन्हें बाहर निकाला गया। तब तक मलखान की मौत हो चुकी थी। वहीं पप्पू यादव बेहोश था। जिसे तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया।
G-W2F7VGPV5M