बदरवास वेयर हाउस फुल: KOLARAS में किसानो ने लगाया जाम,प्रशासन ने मुश्किल से खुलवाया

Bhopal Samachar

बदरवास वेयर हाउस फुल:कोलारस में किसानो ने लगाया जाम,प्रशासन ने मुश्किल से खुलवाया
कोलारस। समर्थन मूल्य पर चना तुलवाने के लिए कैलादेवी वेयर हाउस कोलारस पहुंचे किसानों ने तौल नहीं होने पर फोरलेन हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। बदरवास में वेयर हाउस फुल हो जाने पर किसानाें को कोलारस भेज दिया है। यहां भी इंतजार होने पर किसान नाराज हो गए और चक्काजाम पर उतर आए।

हालांकि सूचना मिलने पर कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। तहसीलदार ने भी पहुंचकर किसानों को समझाया और सोमवार की सुबह 9 बजे तक खरीदी शुरू कराने का आश्वासन दिया है। इसके बाद किसान मान गए हैं।

कैलादेवी वेयर हाउस पर चना तुलवाने आए किसानों की किसी ने सुध नहीं ली। रविवार की सुबह करीब 11.30 बजे किसान एकजुट हो गए और आगरा मुंबई फोरलेन हाइवे पर जाम लगा दिया। जाम करीब एक किमी तक लग गया। दोनों तरफ से ट्रक और दूसरे वाहन जाम में फंस गए।

चक्काजाम की जैसे ही सूचना मिली, कोलारस टीआई सतीश सिंह चौहान दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। किसानों को समझाकर चक्काजाम खुलवाया। तहसीलदार अखिलेश शर्मा ने किसानों से बातचीत की। रविवार की छुट्टी की वजह से हम्माल भी नहीं आए थे। इसलिए किसानों को एक दिन और इंतजार करने की बात कही। सोमवार की सुबह 9 बजे से तौल शुरू कराने की बात पर किसान भी राजी हो गए।

रविवार की छुट्टी की वजह से तौल बंद थी
रविवार को छुट्टी होने की वजह से तौल बंद थी। शनिवार को मैं खुद कोलारस गया था, वहां माल तुल रहा था। किसान गलत कह रहे हैं। सोमवार को फिर से तुलाई चालू हो जाएगी। 10 जून तक चना की खरीदी की जाना है। नारायण शर्मा, नोडल अधिकारी एवं खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी जिला शिवपुरी