वन विभाग की टीम पर हमला: वनभूमि पर जुताई कर रहे थे आरोपी, ट्रेक्टर छुडाकर भागे / kolaras News

कोलारस। तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम सेजवारा में तालाब के पास स्थित वन भूमि पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर वहां जुताई शुरू कर दी। जिसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को प्राप्त हुई तो मौके पर कोलारस रेंजर कृतिका शुक्ला अपने दलबल के साथ वहां पहुंच गई और मौके से तीन ट्रेक्टर पकड़ लिए।

लेकिन आरोपी वन टीम पर हमला कर ट्रेक्टर छुड़ाकर भाग गए। पुलिस ने इस मामले में कोलारस रेंजर कृतिका शुक्ला की रिपोर्ट पर से तीन आरोपी रामभरोसी पुत्र भवूत सिंह यादव, इंद्रभान पुत्र ज्ञान सिंह यादव, बलवीर पुत्र तोफान यादव के खिलाफ भादवि की धारा 353, 294, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

जानकारी के अनुसार कोलारस रेंजर कृतिका शुक्ला को बीते दिनों सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम सेजवारा में तालाब के पास पहाड़ी के पीछे स्थित वन भूमि की जमीन पर आरोपी भरोसी यादव, इंद्रभान यादव और बलवीर यादव ने कब्जा कर लिया है और वह उस पर फसल बोने की तैयारी में है।  

जिसके  लिए वह जुताई कर रहे हंै। इस सूचना पर रेंजर कृतिका शुक्ला अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंची। जहां से उन्होंने तीन ट्रेक्टर जमीन को जोतते हुए पकड़ लिए। जिससे वहां मौजूद तीनों आरोपियों ने वन टीम पर हमला कर दिया और रेंजर सहित स्टाफ को गालियां देते हुए जबरन तीनों ट्रेक्टर छुड़ाकर ले गए।

घटना के बाद रेंजर ने थाने में कार्यवाही हेतु आवेदन दिया। जिसकी जांच करने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।