शिवपुरी। खबर शहर के देहात थाना क्षेत्र के तलैया मोहल्ले से आ रही है। जहां बीते 10 दिन पूर्व घर से भागी नाबालिग किशोरी को लेकर हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई है। इस युवती को हाफिज के माध्यम से बापिस लाया गया है। परंतु युवती इस मामले में कोई भी शिकायत करने तैयार नहीं है।
जानकारी के अनुसार बीते 10 दिन पूर्व देहात थाने के तलैया मोहल्ले में निवासरत एक 16 वर्षीय किशोरी गौशाला में निवासरत एक नाबालिग युवक के साथ भाग गई थी। इसके बाद परिजनों ने उक्त युवती के गायब होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस युवती की तलाश में जुट गई थी।
बताया गया है आज 10 दिन बाद उक्त युवती को हाफिज सहाव अपने साथ लेकर आ गए। जहां दोनों नाबालिगों को लेकर वह देहात थाने पहुंचे। देहात थाने पहुंचते ही किशोरी के परिजन भी थाने आ गए। जहां किशोरी के परिजनों ने युवती पर दबाव बनाकर युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की मांग की।
परंतु युवती लगातार प्यार की दुहाई देते हुए अपने प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से इंकार करती रही। बताया गया है कि उसके बाद समाज के लोगो सहित पूरे परिवार ने युवती को समझाने का प्रयास किया। परंतु वह अपनी जिद पर अडी रही। परिजन लगातार पुलिस पर एफआईआर दर्ज कराने का दवाब बनाते रहे। परंतु युवती नहीं मानी। उसके बाद पुलिस ने उक्त किशोरी को परिजनों के साथ जिला चिकित्सालय भेज दिया।
जिला चिकित्सालय पहुंचकर परिजन किशोरी की जांच कराने का दबाब बनाते रहे। परंतु किशोरी अपनी जिद पर अडी रही। उसके बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर भी मेडीकल कराने का दबाब बनाया। परंतु किशोरी की बिना सहमति के चिकित्सकों ने मेडीकल करने से इंकार कर दिया। इस मामले को लेकर चिकित्सालय में हाईप्रोफाईल ड्रामा जारी है।

