पिछोर के अकबर खान की मौत, 17 मार्च को मुंबई से भतीजा आया था | Pichhore News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। पिछोर निवासी एक 78 वर्षीय वृद्ध अकबर खान की आज सुबह पिछोर से शिवपुरी लाते समय मौत हो गई। जिसकी पुष्टि शिवपुरी अस्पताल के डॉक्टरों ने की। इसी दौराने डॉक्टरों को मृतक के भतीजे की ट्रेवल हिस्ट्री ज्ञात हुई कि वह मुंबई से आया था। इस कारण डॅाक्टरों ने परिजनों को मृतक का शव देने से इंकार कर दिया और शव को सेनिटाईज कराया। साथ ही मृतक के साथ आए उसके परिवार के सभी सदस्यों के सैम्पल लिए और उन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। 

जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब साढ़े 8 बजे अकबर खान उम्र 78 वर्ष को बेहोशी की हालत में पिछोर स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां उनका इलाज मेडीकल ऑफिसर डॉ. ब्रजेश शर्मा ने किया। उस समय वृद्ध का बीपी  180/100 था। इस कारण डॉ. शर्मा ने उन्हें शिवपुरी रैफर कर दिया। जहां शिवपुरी अस्पताल पहुंचने से पहले ही अकबर खान की मौत हो गई। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अकबर की मौत की पुष्टि की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उनके परिवार के लोगों और पिछोर में उनके पडोसियों से जानकारी ली तो ज्ञात हुआ कि अकबर खान का भतीजा 17 मार्च को मुंबई से लौटा था। इसलिए डॉक्टरों ने एतिहातन अकबर का शव परिजनों को देने से इंकार कर दिया और उसके साथ आए सभी लोगों के सैम्पल लिए गए। 

सिविल सर्जन डॉ. पीके खरे का कहना है कि अकबर खान की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है लेकिन उनका भतीजा हाल ही में मुंबई से लौटा था। इसलिए उन सभी लोगों के सैम्पल लेना जरूरी था। वहीं अकबर की बॉडी भी अभी परिवारजनों के सुपुर्द नहीं की गई है। क्योंकि अकबर का भी सैम्पल लेना है साथ ही पूरी बॉडी को सेनिटाईज कराया जा रहा है। इसके बाद ही यह निर्णय लिया जाएगा कि बॉडी परिजनों को दी जाए या नहीं। 
इनका कहना है 

सुबह साढ़े 8 बजे अकबर खान को उनके परिवार के लोग बेहोशी की हालत में लाए थे। उनका बीपी 180/100 था। मरीज की स्थिति देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ है और ब्रेन हेमरेज के कारण लकवा होने से उनकी यह हालत हुई है। गंभीर अवस्था को देखते हुए उन्हें शिवपुरी रैफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस दौरान उनके भतीजे की भी ट्रेवल हिस्ट्री सामने आई है। जिससे शंका गहरा गई है और इसी शंका का समाधान करने के लिए डॉक्टरों ने उनके परिवार के लोगों के सैम्पल लिए है। 
डॉ. ब्रजेश शर्मा, मेडीकल ऑफिसर पिछोर
G-W2F7VGPV5M