शिवपुरी। गुना में गुना-आरौन मार्ग पर शिवपुरी निवासी बलवीर खटीक की 13 दिसंबर को हुई हत्या को लेकर खटीक समाज ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए तथा पीडि़त परिवार की सहायता हेतु रैली निकाली। लेकिन कोर्ट रोड़ पर रैली को पुलिस ने यह कहकर रोक लिया कि उनके पास रैली निकालने की अनुमति नहीं है।
विदित हो कि नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में देश में चल रहे कथित विरोध के चलते प्रशासन ने बिना अनुमति रैली निकालने पर रोक लगा रखी है। बाद में खटीक समाज के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्ट्रेट जाकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुरी निवासी बलवीर खटीक 13 दिसंबर को शिवपुरी से भोपाल सिकरकंदी भरकर जा रहा था। लेकिन गुना-आरौन मार्ग पर 15 लोगों ने उसकी निर्मम हत्या कर दी। खटीक समाज का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में महज पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और शेष आरोपियों को वह गिरफ्तार नहीं कर रही। उनका आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में लेन-देन किया है।
गुना पुलिस के खिलाफ और आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर खटीक समाज ने आज रैली जब निकाली तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। खटीक समाज के लोगों ने बताया कि उन्होंने एसडीएम को रैली निकालने के लिए आवेदन तो दिया था और वह यह सोचकर निश्चिंत हो गए थे कि आवेदन देने से ही उनको अनुमति मिल गई।
ज्ञापन में खटीक समाज ने मांग की है कि शेष आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। यह मामला फास्टट्रेक कोर्ट में चले साथ ही पीडि़त परिवार को शासकीय नौकरी, शस्त्र लायसेंस और 1 करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता दी जाए। ज्ञापन बाल्मिक समाज अधिकारी कर्मचारी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलकिशोर कोड़े के नेतृत्व में दिया गया।

