सुपरवाईजर प्रेमनारायण शर्मा ने अपने बेटे के खाते में डाले 5 लाख रू,कलेक्टर को लिखा पत्र

शिवपुरी।जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बैराड़ से संबद्ध तीन प्राथमिक सहकारी समितियों के समिति प्रबंधक ने अपने बेटे के खाते में 5 लाख रुपए का भुगतान करा लिया। साथ ही 7.38 लाख रुपए की पहले से शॉर्टेज चली आ रही है।

मामले में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक शिवपुरी द्वारा समिति प्रबंध के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है इसलिए सहकारिता जिला सहायक आयुक्त ने कार्रवाई के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा है।


जानकारी के अनुसार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बैराड़ के सुपरवाइजर प्रेमनारायण शर्मा ने सात माह पूर्व प्रभारी शाखा प्रबंधक के रूप में 5 लाख रुपए का भुगतान अपने बेटे के खाते में कर दिया।

यह भुगतान सहकारी समितियों पर उपार्जन के एवज में हम्माल-तुलावटियों को मजदूरी का भुगतान करना था, जबकि यह राशि समिति के खाते में जारी करना थी। प्रेमनारायण शर्मा को प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था दुल्हारा, ऐंचवाड़ा में समिति प्रबंधक बनाया गया था। चना, मसूर, सरसों की खरीदी में 7 लाख 38 हजार रुपए की शॉर्टेज आई।

अन्य अनियमितता को देखते हुए सहकारिता जिला शिवपुरी के सहायक आयुक्त ने कार्रवाई के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक को पहला पत्र 21 जनवरी 2019 को लिखा। इसके बाद 23 जुलाई 16 अक्टूबर, 21 अक्टूबर, 14 नवंबर, 10 दिसंबर को लिखा है। कार्रवाई नहीं होने पर अब कलेक्टर को पत्र लिखा है। कलेक्टर सहकारी बैंक की प्रशासक हैं।

प्रशासक और आयुक्त को पत्र लिखा है
सहकारी समितियों की जांच में समिति प्रबंधक द्वारा शॉर्टेज आने, ऋणमाफी सूची में गड़बड़ी और 5 लाख रुपए नियम विरुद्ध निकालने पर प्रेमनारायण शर्मा के खिलाफ कार्रवाई के लिए कई बार लिख चुके हैं। अब प्रशासक और आयुक्त भोपाल को पत्र लिखकर अवगत कराया है।
दिनेश चौरसिया, सहायक आयुक्त, जिला सहकारिता शिवपुरी

कार्रवाई कर रहे हैं
समिति प्रबंधक रहते प्रेमनारायण शर्मा के खिलाफ जांच में अनियमितता सामने आई हैं। पांच लाख रुपए गलत तरीके से निकाले हैं इसलिए नोटिस देकर विधिवत कार्रवाई कर रहे हैं।
वायके सिंह, महाप्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शिवपुरी