ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रदेश हेतु बाढ़ राहत राशि प्रदान करने की मांग की | Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। गुना शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनसे प्रदेश में बाढ़ एवं अतिवृष्टि से हुई भारी क्षति को दृष्टिगत रखते हुए 10 हजार करोड़ रूपए की सहायता राशि प्रदेश को देने की मांग की है।

विदित हो कि मध्यप्रदेश सरकार ने केंद्र को दस हजार करोड़ की राहत का प्रस्ताव भेजा है। सिंधिया ने पत्र में लिखा कि प्रदेश के किसान और जनता को संकट की इस घड़ी में सहायता की  सख्त जरूरत  है।

सिंधिया ने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवगत कराया कि उन्होंने प्रदेश के लगभग 10 से अधिक बाढ़ एवं अतिवृष्टि से प्रभावित जिलों का दौरा किया है। अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रदेश की फसलें लगभग नष्ट हो गई हंै। सडक़ें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जनधन को भारी हानि हुई है एवं बड़ी संख्या में पशुओं की मृत्यु हुई है।

अधोसंरचना जैसे स्कूल, आंगनबाड़ी, बिजली के खंभे, शासकीय कार्यालय, भवनों आदि को भी भारी नुकसान पहुंचा है। अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रदेश में 596 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। 1761 पशु मारे गए हैं। 67 हजार 33 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। 13 लाख 61 हजार 773 कृषक प्रभावित हुए हैं तथा लगभग 14 लाख एकड़ की फसल बरबाद हुई है।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार प्रदेश में लगभग 10 से 15 हजार करोड़ की क्षति हुई है। केंद्रीय सर्वे द्वारा प्रदेश का प्रारंभिक दौरा किया गया है। दल को प्रदेश के बाढ़ एवं अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कराया गया है और नुकसान की जानकारी दी गई है। प्रदेश सरकार ने 10 हजार करोड़ रूपए की सहायता का प्रस्ताव केंद्र को भेजा है।
G-W2F7VGPV5M