सुंदरकांड : ईश भक्ति में मंत्रमुग्ध होकर जमकर झूमे श्रोता | SHIVPURI NEWS

शिवपुरी। खेड़पति हनुमान मंदिर की संध्या हनुमानजी की लीलाओं, श्रीराम भक्त की स्तुति सहित ईश भक्ति में सुदरकांड पाठ की स्वर लहरियों से गुंजायमान थी। अवसर था भारत विकास परिषद की वीर तात्याटोपे शाखा द्वारा आयोजित संस्कृति के शुभारंभ का। संस्कृति सप्ताह के प्रथम दिन खेड़ापति हनुमान मंदिर पर सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

वीर तात्याटोपे शाखा की महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित संस्कृति सप्ताह में रात्रि 8 बजे से प्रारंभ हुआ सुंदरकांड पाठ में ईश भक्ति का माहौल ऐसे निर्मित हुआ कि श्रोता बरबस ही मंत्रमुग्ध हो मंदिर परिसर पर खुशी से झूम उठे। एक ओर जहां हनुमानजी की आराधना पर उनके जयकारों के साथ उनके गुणगान गाए जा रहे थे तो दूसरी ओर भगवान श्रीराम एवं जानकी की लीलाओं का भी चित्रण किया जा रहा था।

इन्हीं स्वर लहरियों में जहां हनुमानजी की लीलाओं और उनके चरित्र को चित्रित किया जा रहा था तो दूसरी ओर भजनों के माध्यम से भगवान श्रीराम की स्तुति की जा रही थी। खेड़ापति हनुमान मंदिर पर माहौल ऐसा निर्मित हुआ कि पूरा परिसर ईश भक्ति में डूब गया। सैंकड़ों की संख्या में उपस्थित भक्तजन सुंदरकांड पाठ के इस माहौल में जमकर झूमे और नाचे। महिलाओं ने भी भगवान भक्ति के इस माहौल में जमकर नृत्य किया। इस अवसर पर परिषद की महिला पुरुष सदस्यों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

महिला ब्यूटीशियन डेमो एवं प्रशिक्षण आज

कार्यक्रम संयोजिका वर्षा जैन एवं हर्षा मित्तल ने बताया कि भारत विकास परिषद की वीर तात्याटोपे शाखा द्वारा आयोजित किए जा रहे संस्कृति सप्ताह के तीसरे दिन सोमवार 19 अगस्त को महिला ब्यूटीशियन डेमो एवं प्रशिक्षण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण स्थानीय मारवाड़ी अग्रवाल धर्मशाला, पंचायती बगीचा एबीरोड पर दोपहर 3 बजे से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सर्व संबंधितों से निर्धारित समय एवं स्थल पर उपस्थित होने का अनुरोध किया है।