पुरानी रंजिश पर हुए विवाद में चली गोलियां, दो घायल | SHIVPURI NEWS

Bhopal Samachar
शिवपुरी। पिछोर के ग्राम मनका में यादवों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की जमकर मारपीट की और आरोपी पक्ष की ओर से फायर किया गया जिससे फरियादी पक्ष का एक युवक बाल बाल बच गया। 

हालांकि इस घटना में फरियादी पक्ष के दो सदस्य घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 336, 341, 294, 323, 506, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

जानकारी के अनुसार फरियादी कृष्णपाल पुत्र गजराज सिंह यादव निवासी ग्राम मनका का आरोपी धर्मेंद्र और अर्जुन यादव से पुरानी किसी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। कल रात्रि करीब 10 बजे फरियादी जब कृष्णपाल और प्रवेश यादव ग्राम कछौआ और मनका के बीच स्थित आम पुलिया के पास खड़े थे तभी आरोपी धर्मेंद्र यादव और अर्जुन यादव ने उनका रास्ता रोक लिया और उन्हें गालियां देना शुरू कर दी।

जब फरियादी ने आरोपीगणों को गालियां देने से रोका तो दोनों आरोपियों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। बाद में एक आरोपी ने कट्टे से उन पर दो फायर कर दिए। लेकिन फायर मिस हो जाने के कारण दोनों बाल बाल बच गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए तो दोनेां आरोपी वहां से धमकी देकर भाग निकले। घटना के बाद दोनों घायलों को उसके परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया।
G-W2F7VGPV5M