शिवपुरी में गर्मी का ट्रेलर शुरू,दिन भी गर्म अब रात का पारा अंतिम 7 दिनों में 6.6 डिग्री सेल्सियस उछला

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। फरवरी माह के अंतिम सप्ताह से गर्मी का ट्रेलर शुरू हो चुका है,दिन तो तपने लगे है साथ में अब राते भी धीरे धीरे गर्म होने लगी है,होलिका दहन के साथ साथ सूर्यदेव अपने तेवर और उग्र कर देगें। फरवरी माह के शुरुआत के 20 दिनों में मौसम में ठंड और बारिश का समागम था,लेकिन अंतिम दिनो में गर्मी ने अपना  रूप दिखाना शुरू कर दिया है। आंकड़ों पर गौर करें तो महज एक सप्ताह के भीतर दिन का पारा 7.8 डिग्री और रात का पारा 6.6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है।

जानकारी के मुताबिक शिवपुरी शहर में फरवरी के शुरुआती सप्ताह में अधिकतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरे और तीसरे सप्ताह में भी तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन ठंड का असर बना रहा। महीने की शुरुआत और मध्य में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। हालांकि मौसम साफ होते ही चौथे सप्ताह में पारे ने तेजी से छलांग लगाई। अचानक बढ़ी गर्माहट के साथ ही सर्दी का वातावरण लगभग समाप्त हो गया है।

मार्च से मई के बीच अधिक गर्मी पड़ने के आसार
मौसम वैज्ञानिकों ने मार्च से मई के बीच सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में दिन और रात दोनों का तापमान औसत से ऊपर रह सकता है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। विशेष रूप से शिवपुरी जिला में हीट वेव चलने की आशंका व्यक्त की गई है। बढ़ते तापमान के कारण दोपहर के समय लू जैसे हालात बन सकते हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

अधिकतम पारा 31.8 डिग्री व न्यूनतम 18.6 डिग्री पहुंचा
शिवपुरी शहर में फरवरी के आखिरी दिन अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री व न्यूनतम 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को आसमान में बादलों की वजह से अधिकतम पारे,में ज्यादा उछाल नहीं आ सका। फिर भी अधिकतम पारा 31 डिग्री पार पहुंच गया है। रात का पारा 18 डिग्री से ऊपर चला गया है। इस कारण सर्दी का माहौल खत्म सा हो गया है।

आने वाले दिनों में 37 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
अगर मौसम विभाग के पूर्वानुमानों की मानें तो शिवपुरी में मौसम शुष्क बना हुआ है। यहां तापमान 31 डिग्री पार कर चुका है। आने वाले कुछ दिनों में यह अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम में तेजी के साथ गर्म हो सकता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

बढ़ सकता है संक्रमण का खतरा
चिकित्सकों का मानना है कि बार-बार मौसम में अचानक होने वाले बदलाव बीमारियों को न्योता दे सकता है। डॉ रीतेश यादव की मानें तो तापमान में अचानक बदलाव के कारण सर्दी, जुकाम, वायरल संक्रमण, डिहाइड्रेशन आदि का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहना चाहिए।