TI का कॉलर पकड़कर गाली गलौज करने वाले युवक का पुलिस ने निकाला जुलूस

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले देहात थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक टीआई  के साथ गाली-गलौज करने और उनकी कॉलर पकड़ने वाले आरोपी का शुक्रवार को जुलूस निकाला। आरोपी को मुख्य बाजार से पैदल ले जाया गया, जहां वह 'अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है' के नारे लगाता हुआ नजर आया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

गुरुवार दोपहर NH-46 पर शारदा सॉल्वेंट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी थी। इस हादसे में ऑटो पलट गया और उसमें सवार 5 लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन वहां मौजूद आक्रोशित लोगों ने ट्रक के हेल्पर विकास धाकड़ को पकड़ लिया और उसे पीटना शुरू कर दिया। नशे की हालत में ट्रक हेल्पर ने टीआई को गाली देने के साथ कॉलर पकड़ ली।
नशे की हालत में ट्रक हेल्पर ने टीआई को गाली देने के साथ कॉलर पकड़ ली।

जान बचाने वाले टीआई से ही की बदसलूकी
उसी रास्ते से ड्यूटी पर जा रहे निरीक्षक (टीआई) रविशंकर कौशल ने भीड़ को रोककर बीच-बचाव किया और हेल्पर विकास धाकड़ की जान बचाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में था। मदद के बदले उसने टीआई के साथ ही गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई करते हुए उनकी कॉलर पकड़ ली।

इस बदसलूकी के बावजूद टीआई कौशल ने संयम बरता और सबसे पहले कोलारस निवासी मुकेश नामदेव सहित सभी 5 घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

एफआईआर दर्ज और जुलूस निकालकर भेजा जेल
गुरुवार रात देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने टीआई रविशंकर कौशल की शिकायत पर आरोपी विकास धाकड़ के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज और मारपीट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाला। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल फरार ट्रक चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।