Shivpuri News, बेटी का बलात्कार करने वाले कलयुगी पिता का कारनामा, जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार

Adhiraj Awasthi

पोहरी।  शिवपुरी जिले की पोहरी जेल से शुक्रवार की सुबह एक ऐसी खबर आई जिसने पुलिस और जेल प्रशासन के पैरों तले जमीन खिसका दी। अपनी ही मासूम बेटी की अस्मत लूटने के आरोप में बंद कलयुगी पिता बादाम सिंह, जेल की ऊंची दीवारों को फांदकर दिनदहाड़े फरार हो गया। सुबह करीब 9 बजे जब जेल में रूटीन की हलचल हो रही थी, उसी समय आरोपी ने सुरक्षा में सेंध लगाई और रफूचक्कर हो गया।

शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे आरोपी बादाम सिंह जेल सुरक्षा में सेंध लगाते हुए दीवार फांदकर भाग निकला। कैदी के गायब होने का पता चलते ही जेल प्रबंधन के होश उड़ गए और तुरंत पोहरी थाने में इसकी आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी शुरू कर दी है।

बेटी ने बताए थे अपने बाप के पाप
बादाम सिंह कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि एक ऐसा पिता है जिसने रक्षक बनकर भक्षक का काम किया। बीते 20 फरवरी को उसके खिलाफ अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। पीड़िता ने जो आपबीती सुनाई थी, वह रूह कंपा देने वाली थी।

क्रूरता की हदें: वारदात वाली रात बच्ची अपनी दादी के पास सो रही थी। आरोपी पिता ने ममता और बुढ़ापे का भी लिहाज नहीं किया। उसने बूढ़ी मां को धक्का देकर गिरा दिया और अपनी ही मासूम बेटी को जबरन कमरे में ले जाकर उसकी जिंदगी तबाह कर दी। बच्ची ने यह भी बताया था कि यह दरिंदगी पहली बार नहीं हुई थी,बल्कि उसने कई बार उसका बलात्कार किया था।

अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
एक ऐसा अपराधी जो समाज और परिवार दोनों के लिए खतरा है, उसका खुलेआम घूमना पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। जेल से भागने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से लेकर जेल मुख्यालय तक इस लापरवाही को लेकर जवाब-तलबी की जा रही है।