Shivpuri News, महिलाओं का काम पुरूष से करा रहे थे स्व-सहायता समूह, 2 समूहो से छिना काम

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी विकासखंड के ग्राम रायश्री में शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में बच्चों को गुणवत्ता विहीन मध्यान्ह भोजन देने वाले स्व-सहायता समूहों पर कार्रवाई करते हुए शिवपुरी एसडीएम ने उनसे स्कूल में मध्यान्ह भोजन वितरण काम छीन लिया है।

बीआरसीसी बालकृष्ण ओझा के अनुसार शिवपुरी विकासखंड के शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय रायश्री में संचालित जयशंकर स्व सहायता समूह व जयमाता स्व-सहायता समूह द्वारा मध्यान्ह भोजन वितरण में की जा रही अनियमितताओं को लेकर विकासखंड की मध्यान्ह भोजन वाद विवाद निराकरण समिति की बैठक आयोजित की गई थी।

बैठक में सामने आया कि दोनों ही समूहों द्वारा बच्चों को दोयम दर्जे का मध्यान्ह भोजन वितरित कर बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इसके अलावा महिला स्व-सहायता समूह होने के बावजूद भी पुरुष रसोईया से कार्य करवाया जा रहा है। समूह द्वारा लकड़ी जलाकर भोजन पकाया जा रहा है।

इस पर 7 जनवरी 2026 को समूह को अनियमितताओं में सुधार करने के लिए निर्देशित किया गया था लेकिन 13 फरवरी को जब शिवपुरी एसडीएम आनंद राजावत ने स्कूल पहुंचकर निरीक्षण किया तो अनियमितताएं सामने आने पर पहले नोटिस जारी किया गया, लेकिन नोटिस का जवाब संतोषजनक न मिलने पर एसडीएम द्वारा दोनो समूह को मध्यान्ह भोजन के कार्य से पृथक कर शाला प्रबंधन समिति को सौंपने की वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की कार्रवाई की गई है।