SHIVPURI NEWS - देव स्थान पर मची भगदड, मधुमक्खियों का हमला,जंगल में छुपना पडा

Bhopal Samachar

कोलारस। शिवपुरी जिले कोलारस विधानसभा के डांग खैरोना के जंगल में स्थित एक देव स्थान पर आधा सैकड़ा ग्रामीण पूजा पाठ करने गए थे। इस पूजा पाठ के हवन में निकले धुंए के कारण मधुमक्खियां भड़क गई और उन्होंने इन पूजा पाठ कर रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में 3 दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर मिल रही है,इससे पूर्व पिछोर अनुविभाग की एक विवाहिता की मौत मधुमक्खी के डंक के कारण हो गई थी। वही रन्नौद में उस समय मधुमक्खी भडक गई थी जब रन्नौद के एक कब्रिस्तान में एक शव को  सुपुर्द ए खाक किया जा रहा था।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी पदम धाकड़ ने बताया कि मधुमक्खियों का हमला इतना भयानक था कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए जंगल की ओर भागना पड़ा। हमले में महिलाएं और बच्चे भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और पूजा स्थल पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पिछले 15 दिनों में यह जिले में यह तीसरा हमला

इससे पूर्व रन्नौद के पास स्थित सेसई निवासी महिला मुनव्वरी बेगम पत्नी स्व. मोहम्मद शमी उम्र 65 साल की बीते बुधवार को मौत हो गई थी। सेसई से महिला के शव को दफनाने के लिए रन्नौद के कब्रिस्तान में लाया गया। यहां जनाजे की नमाज अदा करने के बाद शव को दफनाने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। इसी दौरान वहां मधुमक्खियों का हमला हो गया। पेड़ के पास खड़ा मृतका का पुत्र दिलशाद खान मधुमक्खियों का सबसे अधिक शिकार बना। लोगों ने जैसे-तैसे उसे बचाकर बाहर निकाला।

उधर जब मधुमक्खियों का हमला हुआ तो वहां काफी लोग डंकों का शिकार बन गए। हमला इतना तेज था कि लोग शव को छोड़कर भाग खड़े हुए। थोड़ी देर बाद जब मधु मक्खियां थोड़ी शांत हुई तो लोग कंवल और जूट के कट्टे ओढ़कर जैसे-तैसे वापस कब्रिस्तान में पहुंचे। इसके बाद विधिवत तरीके से शव को दफन करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

मधुमक्खी के काटने से मौत

शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के भौंती थाना सीमा में आने वाले मनुपरा गांव में निवास करने वाली एक विवाहिता की मौत बीती 10 फरवरी को मधुमक्खी के काटने से हो गई थी।  बताया जा रहा है कि विवाहिता खाना खा रही थी उसी समय उसके होंठ पर मक्खी ने काट खा लिया। परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र पर ले गए,जहां उसकी हालत बिगड़ने लगी। महिला को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

मामला भौंती थाना क्षेत्र के मनपुरा रामनगर का था। यहां 48 वर्षीय रामकुंवर लोधी रविवार शाम साढ़े 7 बजे खाना खा रही थीं। इसी दौरान एक बड़ी मधुमक्खी ने उनके होंठ पर काट लिया। कुछ समय बाद महिला को चक्कर आने लगे, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल मनपुरा स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया था।