क्या कोलारस में सिंधिया भितरघात शिकार होंगे, यादवेंद्र को बढ़त का विश्वास - NEWS TODAY

Bhopal Samachar
मध्य प्रदेश की गुना शिवपुरी लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के विरुद्ध कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे श्री यादवेंद्र सिंह यादव को शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा से बढ़त का विश्वास है।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि, यादवेंद्र सिंह का ध्यान मुंगावली, चंदेरी, अशोकनगर, बमौरी और कोलारस पर अधिक है। इन विधानसभाओं में वे यादव, मुस्लिम और दलित वोट बैंक के जरिए जीत की राह तलाश रहे हैं। श्री यादवेंद्र सिंह का मानना है कि कोलारस से यादवों के एकतरफा वोट मिलेंगे। 

यहां पर स्थानीय विधायक श्री महेंद्र सिंह यादव, सिंधिया समर्थक हैं। यादव समाज के दूसरे बड़े नेता श्री बैजनाथ सिंह यादव, सिंधिया के साथ कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे फिर विधानसभा टिकट के लालच में वापस कांग्रेस में चले गए और चुनाव हारने के बाद अब फिर से सिंधिया समर्थक बन गए हैं। कहा जाता है कि कोलारस विधानसभा के यादव, मुस्लिम एवं अनुसूचित जाति जनजाति के 70% वोट इन दोनों नेताओं के इनफ्लुएंस में होते हैं। 

अब सवाल यह है कि, जब कोलारस के दोनों बड़े यादव नेता श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ है तो फिर श्री यादवेंद्र सिंह यादव, कोलारस को लेकर इतने कॉन्फिडेंट क्यों है। क्या कोलारस में सिंधिया भितरघात शिकार होंगे। ✒ उपदेश अवस्थी