SHIVPURI NEWS - नरवर-सतनवाडा रोड पर 3 तेंदुओ ने मिलकर किया गाय का शिकार:वीडियो वायरल

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर बीती रात मड़ीखेड़ा डैम के पास बीच सड़क पर तीन तेंदुओं ने मिलकर एक गाय का शिकार कर लिया। पूरे घटनाक्रम को एक कार सवार ने मोबाइल में कैद किया है। वीडियो में एक तेंदुआ मृत गाय के पास तो दो तेंदुए रोड के पास एक पेड़ के नजदीक नजर आ रहे हैं,माधव नेशनल पार्क में लगातार तेंदुए की संख्या बढ़ रही है इस कारण वह पार्क की सीमा से बहार आ जाते है।

जानकारी के मुताबिक नरवर के वार्ड 10 निवासी कमल उर्फ बंटी ओझा मड़ीखेड़ा डैम पर काम करता है। बीती रात करीब 9 बजे कमल अपना काम खत्म करने के बाद कार से वापस अपने घर नरवर जा रहा था। तभी उसे रास्ते में एक बाइक सवार घबराई हुई हालत में मिला। बाइक सवार ने कमल को बताया कि कुछ दूर आगे बीच रोड पर एक तेंदुआ मृत गाय के पास बैठा है। इसके बाद कमल कार से आगे गया तो उसे बीच सड़क पर मृत गाय के पास एक तेंदुआ और रोड के पास एक पेड़ से नजदीक दो और तेंदुए दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि तीनों ने मिलकर ही गाय का शिकार किया है।

यहां 100 से अधिक तेंदुए
नरवर सतनवाड़ा रोड पर कई बार तेंदुओं को देखा जाता है। लेकिन अक्सर तेंदुए यहां पर रात के अंधेरे के बाद ही सड़क पर विचरण करने निकलते हैं और सड़क किनारे दिखाई देते हैं, लेकिन अब दोपहर में भी तेंदुए का दीदार हो जाता है। ऐसे में लगातार तेंदुए की संख्या बढ़ती नजर आ रही है। माधव नेशनल पार्क के रिकॉर्ड के अनुसार पार्क में तेंदुए की संख्या 100 से अधिक है।