SHIVPURI NEWS - भाजपा द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लड़ेंगे चुनाव, कांग्रेस प्रत्याशी अरविंद लोधी

Bhopal Samachar
शिवपुरी। जिले की पिछोर विधानसभा सीट से कांग्रेस द्वारा पहले शैलेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की गई थी लेकिन अचानक यहां पर प्रत्याशी बदल दिया गया है और अब कांग्रेस ने अरविंद लोधी को पिछोर विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाने की घोषणा की है। प्रत्याशी बनाने की घोषणा के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र बामौरकलां में पहुंचे अरविंद लोधी ने यहां चर्चा के दौरान बताया कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार में हुए भ्रष्टाचार के मुद्दे पर वह अपना चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए अरविंद लोधी ने कहा कि पिछले 30 साल से पिछोर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक केपी सिंह ने जनता का विश्वास और भरोसा जीता है। इस भरोसे के आधार पर ही केपी सिंह यहां से किसी को भी जिता सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है उस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पिछोर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा बार-बार प्रत्याशी बदलने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता अरविंद लोधी ने कहा कि यह पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का निर्णय है।

किसी रणनीति के हिसाब से ही उन्होंने यह निर्णय लिया है। हम पार्टी के निर्णय के साथ हैं। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के द्वारा भी केंद्रीय मंत्री और सांसदों को मैदान में उतारा जा रहा है इसका मतलब क्या है और इसका जवाब भी भाजपा नेताओं को देना चाहिए।

अरविंद लोधी ने कहा कि वह पिछोर विधानसभा क्षेत्र की सभी समाजों को साथ लेकर के चुनाव लड़ेंगे। जनता का जो विश्वास कांग्रेस के प्रति है कांग्रेस की नीतियों के प्रति है उसके आधार पर वह अपना चुनाव लड़ेंगे और जनता का विश्वास हासिल करेंगे। गौरतलब हौ कि पिछोर विधानसभा सीट से अरविंद लोधी को गुरुवार की देर रात्रि को कांग्रेस के द्वारा जारी की गई सूची में इस विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाने की घोषणा की गई है।